वेनेजुएला पर ‘ट्रंप स्ट्राइक’: भारत का ट्रेड कितना सुरक्षित, शेयर बाजार पर कितना पड़ेगा असर?

Venezuela US Tensions Impact on India Venezuela Trade: शनिवार (भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े 11 बजे) को अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला पर कई बड़े हमले किए और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अपने कब्जे में ले लिए. वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हो रहे अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप लाइव देख रहे थे. उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल पर कहा- मादुरो और उनकी पत्नी को न्यू यॉर्क लाया गया है, जहां उनपर आपराधिक मामला चलाया जाएगा. स्टील के दरवाजों को चंद सेकेंड में तोड़कर मादुरो के बेडरूम में घुसते अमेरिकी सेना को मैंने पहली बार लाइव देखा. वहीं, अमेरिकी कार्रवाई पर वेनेजुएला सरकार का कहना है कि अमेरिका तेल संसाधनों पर कब्जा चाहता है. आइए जानते हैं कि वेनेजुएला पर ‘ट्रंप स्ट्राइक’ से भारतीय ट्रेड और शेयर बाजार पर कितना असर होगा.

1.175 बिलियन डॉलर का व्यापार
भारत-वेनेजुएला के रिश्ते खास रहे हैं. वहीं, ट्रेड को लेकर भी दोनों देशों की रणनीति फायदेमंद रही है. भारत-वेनेजुएला व्यापार खासकर के ऊर्जा क्षेत्र में तेल को लेकर अधिक रहा है. एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में भारत ने करीब 2.54 लाख बैरल तेल प्रतिदिन आयात कर रहा था. यह आंकड़ा कुल निर्यात का करीब आधा हिस्सा रहा है. भारतीय एंबेसी के आंकड़ों के मुताबिक, 2023-24 में भारत और वेनेजुएला के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 1.175 बिलियन डॉलर का रहा है. भारत, वेनेजुएला से कच्चे तेल का बड़ा खरीदार रहा है. तेल के अलावा भारत, वेनेजुएला से लोहा, स्टील, तांबा समेत अन्य चीजें आयात करता रहा है. वहीं, वेनेजुएला, भारत से सूती धागे और कपड़े, दवाएं, जैविक रसायन आदि की खरीदारी करता रहा है.

क्या तेल होगा महंगा?
भारत, दुनिया के सबसे अधिक कच्चे तेल के भंडार वाले देश वेनेजुएला से तेल की खरीदारी करता है. लेकिन जानकार बताते हैं कि राजधानी काराकास में हुए अमेरिकी हमले से भारत के इस व्यापार पर शायद कुछ असर कुछ समय के लिए पड़े, लेकिन भारत में तेल महंगा होने की संभावना बहुत कम है. इसका कारण यह है कि भारत वेनेजुएला के अलावा कई और भी देशों से कच्चे तेल का निर्यात करता है. जी हां, भारत रूस और खाड़ी देशों से भी काफी अधिक मात्रा में तेल की खरीदारी करता है. इसलिए वेनेजुएला पर ‘ट्रंप स्ट्राइक’ की वजह से भारत में तेल के दामों में शायद ही बढ़ोतरी हो.

कमोडिटी बाजार पर क्या होगा असर?
वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले से कमोडिटी मार्केट पर असर की संभावना है. इस वजह से सोमवार को इस मार्केट में कुछ तेजी दिखने की उम्मीद है. मतलब कि सोना, चांदी और कच्चे तेल में गैप-अप ओपनिंग यानी शुरुआती तेजी दिख सकती है.

भारतीय शेयर बाजार पर कितना असर?
भारतीय शेयर बाजार पर वेनेजुएला पर हुए हमले का उतना बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है. जानकारों का कहना है कि इसका एक कारण उसकी अर्थव्यवस्था भी है. जानकार बताते हैं कि वेनेजुएला की इकोनॉमी इतनी बड़ी नहीं है कि वह भारत के इक्विटी बाजार में भारी गिरावट या भारी चढ़ाव दिखा दे. हालांकि, एक्सपर्ट का यह भी कहना है कि हो सकता है कि कच्चे तेल से जुड़े कुछ शेयरों में उतार-चढ़ाव की स्थिति देखने को मिले. कुल मिलाकर भारतीय बाजार में ना तो उतनी बड़ी तेजी दिखने की संभावना है और ना ही बड़ी गिरावट. बाकी मार्केट स्थिर या फिर थोड़ा बहुत ऊपर-नीचे हो सकता है.