शेयर बाजार में अफरातफरी का मौहाल, निवेशकों के एक दिन में ₹2.83 लाख करोड़ डूबे

Chaos in stock market, investors lost ₹2.83 lakh crore in one day
Chaos in stock market, investors lost ₹2.83 lakh crore in one day
इस खबर को शेयर करें

Share Market Today: सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार 6 मई को मिलजुले संकेतों के साथ लगभग सपाट बंद हुए। सरकारी बैंकों के शेयरों में तेज गिरावट से बाजार दबाव में रहा। छोटे और मझोले शेयरों में भी अफरातफरी का माहौल रहा। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप, दोनों इंडेक्स करीब 1 फीसदी गिरकर बंद हुए। इसके चलते निवेशकों को आज शेयर बाजार में करीब 2.83 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। पीएसयू बैंक इंडेक्स 3.7 फीसदी गिरकर बंद हुआ। इसके अलावा ऑयल एंड गैस, पावर और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में भी तेज गिरावट रही है। हालांकि दूसरी ओर रियल्टी, आईटी, प्राइवेट बैंकों और ऑटो स्टॉक्स में तेजी से बाजार को कुछ हद तक सपोर्ट मिला।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 17.39 अंक या 0.024% की तेजी के साथ 73,895.54 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 33.15 अंक या 0.15% की गिरावट के साथ 22,442.70 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों के ₹2.83 लाख करोड़ डूबे

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 6 मई को घटकर 403.41 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 3 मई को 406.24 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज 2.83 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 2.83 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर आज तेजी के साथ बंद हुए। इसमें भी कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) के शेयरों में सबसे अधिक 5.01 फीसदी की तेजी रही। इसके बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), हिंदु्स्तान यूनिलीवर (HUL), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और सन फार्मा (Sun Pharma) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही और ये 1.40% से लेकर 2.13 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर

वहीं सेंसेक्स के सिर्फ 11 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी टाइटन (Titan) का शेयर 7.18 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। इसके अलावा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI),एनटीपीसी (NTPC), पावर ग्रिड (Power Grid) औरलर्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयर 1.06% से लेकर 2.67% की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

2,629 शेयरों में रही गिरावट

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,093 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,292 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 2,629 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 172 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 242 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 26 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।