छत्तीसगढ़ में एक साथ 210 नक्सलियों का सरेंडर, संविधान हाथ में लेकर पुलिस को सौंपे हथियार

बस्तर/ रायपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर में सबसे बड़ा नक्सली सरेंडर हुआ है. यहां 210 नक्सलियों ने आज सरेंडर कर दिया और हथियार डाल दिए हैं. जिन नक्सलियों ने सरेंडर किया है, उनमें टॉप नेता भी शामिल हैं. राज्य सरकार की तरफ से ‘नक्सल उन्मूलन नीति’ के तहत अब तक का सबसे बड़ा आत्मसमर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, आज का दिन सिर्फ छत्तीसगढ़ के लिए नहीं, पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है, जब इतने बड़े पैमाने पर नक्सली हिंसा छोड़कर संविधान और विकास के रास्ते पर लौट रहे हैं.

नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में शुक्रवार को यह ऐतिहासिक दृश्य देखा गया. यहां के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में करीब 210 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया. नक्सलियों के पास से कुल 153 हथियार बरामद किए गए हैं, जिनमें AK-47, SLR, INSAS राइफलें, LMG, .303 राइफलें, कार्बाइन, पिस्टल और BGL लॉन्चर शामिल हैं.

सरेंडर से पहले नक्सलियों ने परेड निकाली और हाथों में संविधान की कॉपी लिए देखे गए. मुख्य कार्यक्रम में भी नक्सली अपने हाथों में संविधान थामे रहे. आत्मसमर्पण करने वालों में 110 महिला और 98 पुरुष नक्सलियों के नाम शामिल हैं.

सपना चौधरी के शो में जमकर हुआ बवाल, रिजॉर्ट में मिली गोली मारने की धमकी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके को ऐतिहासिक और निर्णायक दिन बताया. उन्होंने कहा, यह सिर्फ छत्तीसगढ़ के लिए नहीं, पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है, जब बड़ी संख्या में नक्सली बंदूक की जगह संविधान थाम रहे हैं. सरकार उन्हें कौशल विकास और पुनर्वास के अवसर प्रदान करेगी ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें.