Jaipur News: दीपावली से ठीक पहले राजस्थान की हवा में फिर से जहर घुलने लगा है. मौसम विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक स्तर के करीब पहुंच गया है. सबसे खराब स्थिति औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी की बताई जा रही है, जहां कई जगहों पर AQI 240 से ऊपर दर्ज हुआ है.
5 शहरों की बिगड़ी हवा
भिवाड़ी के वसुंधरा नगर क्षेत्र में AQI 248 तक पहुंच गया, जबकि इंडस्ट्रियल एरिया में यह 230 दर्ज किया गया. भरतपुर में प्रदूषण का स्तर 203, बीकानेर में 216 और हनुमानगढ़ में 205 रहा. जयपुर की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है. राजधानी के मानसरोवर इलाके में AQI 260 तक दर्ज किया गया, जो “खराब श्रेणी” में आता है. विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ता वाहन धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन और निर्माण गतिविधियां हवा को और प्रदूषित कर रही हैं.
दीपावली से पहले ही सांस लेना मुश्किल
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक हवा में ज्यादा सुधार की उम्मीद नहीं है. हवा की गति कम होने से प्रदूषक तत्व वातावरण में ठहर जाते हैं. ऐसे में दीपावली से पहले ही सांस लेना मुश्किल हो गया है. डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस संबंधी मरीजों को सुबह-शाम बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी है.
पिछले साल भी ऐसा ही था हाल
पिछले साल की स्थिति और भी भयावह थी. 2024 की दीपावली के दिन राज्यभर में जमकर आतिशबाजी हुई थी, जिसके बाद हवा बेहद जहरीली हो गई थी. जयपुर में उस समय एयर क्वालिटी इंडेक्स 350 पार कर गया था, जो “गंभीर” श्रेणी में आता है.
पिछले साल कितना था AQI
राजसमंद में AQI 337, भिवाड़ी में 291, बीकानेर में 283, भरतपुर में 257, चुरू में 247, सीकर में 237, हनुमानगढ़ में 235 और धौलपुर में 216 दर्ज किया गया था. उस वक्त राजधानी की हवा में स्मॉग की मोटी परत छा गई थी, जिससे कई इलाकों में दृश्यता भी कम हो गई थी. इस बार भी विशेषज्ञों को डर है कि अगर दीपावली पर आतिशबाजी पर नियंत्रण नहीं हुआ, तो जयपुर सहित पूरे राजस्थान में हालात पिछले साल से भी खराब हो सकते हैं. सरकार ने फिलहाल प्रदूषण नियंत्रण के लिए निगरानी बढ़ाने और नियमों के सख्त पालन के निर्देश जारी किए हैं.