साड़ी खींचकर महिला BLO से की मारपीट, जमकर दी गाली, वीडियो बनाने वाले को भी पीटा, सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिला बीएलओ से मारपीट का मामला सामने आया है। SIR का फॉर्म लेने पहुंची एक महिला भड़क गई और बीएलओ के साथ गाली गलौज करने लगी। उसके बाद बात मारपीट पर आ गई। इस दौरान मोहल्लेवाले ने इस घटना का वीडियो बना लिया। जब महिला ने देखा की लोग उसका वीडियो बना रहे हैं तो उसने वीडियो बनाने वालों को भी मारने की कोशिश की।

काली माता वार्ड का मामला
दरअसल, मामला राजधानी रायपुर के काली माता वार्ड का है। यहां एक महिला ने बीएलओ से मारपीट और गाली-गलौज की है। इस पूरे घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, महिला बीएलओ से एसआईआर फॉर्म घर पहुंचाने की मांग कर रही थी। फॉर्म मिलने में देरी होने पर महिला ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट करने लगी। इस घटना पर स्थानीय लोगों में नाराजगी जताई है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि महिला का व्यवहार बीएलओ के प्रति खराब था। इस तरह का काम नहीं करना चाहिए। फिलहाल अब तक इस मामले की शिकायत किसी पक्ष से नहीं कराई गई है। बीएलओ के साथ हुई इस घटना को लेकर कर्मचारियों में भी आक्रोश है। वहीं आगे ऐसी घटनाओं को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा की मांग की है।

पहले आया था धमकी का मामला
इससे पहले रायपुर में ही एक बीएलओ को धमकी देने का मामला सामने आया था। इससे पहले भी रायपुर के महंत लक्ष्मी नारायण वार्ड में बीएलओ अधिकारी ने भाजपा पार्षद पर धमकी देने का आरोप लगाया था।

11 दिसंबर तक जमा कर सकते हैं फॉर्म
चुनाव आयोग ने लोगों को राहत दी है। चुनाव आयोग ने स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) का समय 7 दिनों के लिए बढ़ा दी है। पहले फॉर्म जमा करने की लास्ट डेट 4 दिसंबर थी। अब 11 दिसंबर तक लोग फॉर्म जमा कर सकेंगे। आयोग ने नया शेड्यूल जारी किया है। नया शेड्यूल छत्तीसगढ़ समेत 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए लागू होगा।