छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर मुठभेड़, 3 नक्सलियों का एनकाउंटर, नक्सलियों के पास मिली AK-47

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच एक बार फिर से मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की गई है। मुठभेड़ बीजापुर और महाराष्ट्र के बॉर्डर में हुई है। इस ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सुरक्षाबलों की टीम संयुक्त रूप से शामिल हैं।

नक्सलियों की मौजूदगी पर ऑपरेशन
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सलियों की मौजूदगी के बाद ऑपरेशन शुरू किया गया था। महाराष्ट्र पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जवानों और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर हुए। वहीं महाराष्ट्र का एक जवान शहीद हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 6 फरवरी की सुबह अबूझमाड़ के जंगल में दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हुई। जिसमें 3 नक्सली मारे गए हैं।

हथियार भी बरामद
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ इलाके से तीन माओवादियों के शव मिले हैं। जिसमें 2 पुरुष और एक महिला नक्सली शामिल है। मारे गए नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हुई है। जवानों को इसके शव के पास से AK-47 और एक SLR राइफल बरामद की गई है। इलाके में ऑपरेशन और तलाशी अभियान जारी है।

बीजापुर में हुआ था एनकाउंटर
इससे पहले गुरुवार को सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच छत्तीसगढ़-तेलंगाना जिले के बॉर्डर में मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में जवानों ने एक खूंखार नक्सली का एनकाउंटर किया था। इस दौरान जवानों को बड़ी संख्या में विस्फोटक और हथियार मिले थे। बीजापुर एसपी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा था कि इस मुठभेड़ में नक्सलियों का कमांडर उधम सिंह मारा गया है। उसके सिर पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

12 नक्सलियों ने किया था सरेंडर
वहीं, दूसरी तरफ गुरुवार को 12 नक्सलियों ने सुरक्षाबल के जवानों के सामने सरेंडर कर दिया था। सरेंडर करने वाले नक्सलियों के सिर पर 54 लाख रुपये का इनाम घोषित था। नक्सलियों ने माओवादी की विचारधारा को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया था।