CGBSE Board Exam 2026: छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं और 12वीं सेकेंड मेन एग्जाम डेट घोषित, देखें पूरा टाइम टेबल

Chhattisgarh Board Exam 2026: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE), रायपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए हाई स्कूल (कक्षा 10) और हायर सेकेंडरी (कक्षा 12) की सेकेंड मेन और अवसर (सप्लीमेंट्री) परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है. बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक दोनों परीक्षाएं जुलाई 2026 के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी. छात्र विस्तृत डेटशीट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in पर जाकर देख सकते हैं.

छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं और 12वीं सेकेंड मेन एग्जाम डेट घोषित, देखें टाइमटेबल
Chhattisgarh Board Exam 2026 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं जुलाई में होंगी.

बोर्ड के अनुसार, कक्षा 12 की परीक्षाएं 8 जुलाई 2026 से शुरू होकर 22 जुलाई 2026 तक चलेंगी. वहीं, कक्षा 10 की परीक्षाएं 9 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएंगी. सभी परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होंगी.

12वीं का पहला पेपर हिंदी, 10वीं का गणित
कक्षा 12 की परीक्षा हिंदी विषय से शुरू होगी, जबकि अंग्रेजी, संस्कृत, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान, अकाउंटेंसी और अर्थशास्त्र सहित कई प्रमुख विषयों की परीक्षाएं अलग-अलग तिथियों में आयोजित की जाएंगी. वहीं, कक्षा 10 की परीक्षा गणित से शुरू होगी. इसके बाद हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अन्य भाषाओं व व्यावसायिक विषयों की परीक्षाएं होंगी.

सुबह नौ बजे सीट पर होंगे छात्र
बोर्ड ने परीक्षा संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. छात्रों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र में अपनी निर्धारित सीट पर बैठना होगा. सुबह 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी, जबकि 9:10 बजे प्रश्न पत्र दिए जाएंगे. छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए कुछ समय मिलेगा और मुख्य लेखन कार्य सुबह 9:15 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:15 बजे तक चलेगा.

सार्वजनिक अवकाश पर भी होगी परीक्षा
CGBSE ने साफ किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान यदि किसी दिन स्थानीय या सार्वजनिक अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी. बोर्ड ने यह भी कहा है कि स्वाध्यायी (प्राइवेट) छात्रों की प्रायोगिक और प्रोजेक्ट आधारित परीक्षाएं संबंधित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएंगी. जरूरत पड़ने पर ये परीक्षाएं छुट्टियों के दिन भी कराई जा सकती हैं. छात्रों को अपनी प्रायोगिक परीक्षाओं की जानकारी के लिए केंद्र अधीक्षकों के संपर्क में रहने की सलाह दी गई है.