रतलाम में कच्चे मकान में लगी भीषण आग, जाने बचाने मासूम को लेकर खिड़की से कूदे पति-पत्नी

रतलाम। शहर के मुख्य बाजार माणकचौक में सोमवार- मंगलवार देर रात करीब तीन बजे एक मिट्टी व लकड़ी से बने कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में घर के अंदर रखा पूरा घरेलू सामान व दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के दौरान मकान में फंसे दंपती ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने तीन वर्षीय मासूम बच्चे के साथ खिड़की से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। जहां आग लगी वहां आसपास होजयरी और कपड़ों की दुकानें है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

घनश्याम राठौर अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटे के साथ मकान में रहते हैं। नीचे शादियों में उपयोग होने वाली सामग्री की छोटी दुकान संचालित होती है, जबकि ऊपर परिवार निवास करता है। घटना के समय परिवार सो रहा था। इसी दौरान नीचे के तल में अचानक आग लग गई।

बच्चे को गोद में लेकर खिड़की तक पहुंचे और वहां से नीचे छलांग लगा दी
देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैल गईं और पूरे घर में धुआं भर गया। मुख्य दरवाजे से बाहर निकलने का रास्ता बंद होने पर दंपती अपने बच्चे को गोद में लेकर खिड़की तक पहुंचे और वहां से नीचे छलांग लगा दी। मकान की ऊंचाई कम होने से तीनों सुरक्षित बच गए।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आगजनी में घर के अंदर रखे कपड़े, जरूरी दस्तावेज, राशन सहित अन्य कीमती घरेलू सामग्री पूरी तरह जल गई। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली लाइन में शार्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि पास के एक मकान का भी हिस्सा भी उसकी चपेट में आ गया।

चिंगारी दिखी, देखते ही देखते आग फैल गई
पीड़ित घनश्याम राठौर ने बताया कि पत्नी को नीचे मीटर से चिंगारी उठती दिखाई दी थी। मैंने वायरिंग काटने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग फैल गई। इस दौरान घनश्याम के दोनों कंधे भी झुलस गए। मेन सर्विस लाइन में शार्ट सर्किट हुआ था।

आग फैलने के बाद बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था। ऊपर खिड़की से कूदकर जान बचानी पड़ी। पहले मैं नीचे कूदा, फिर बच्चे और पत्नी को नीचे लिया। फायर ब्रिगेड में आग बुझाने का पर्याप्त पानी नहीं था। करीब छह फायर लारी आई, लेकिन सभी आधी खाली थी। विद्युत विभाग द्वारा भी समय पर बिजली सप्लाई बंद नहीं की गई।Exam 2026: छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं और 12वीं सेकेंड मेन एग्जाम डेट घोषित, देखें पूरा टाइम टेबल