मुजफ्फरनगर में टीजीटी परीक्षा शुरु: सुरक्षा को लेकर पुलिस मुस्तैद

मुजफ्फरनगर। जनपद में बुधवार को दो दिन चलने वाली टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा शुरु हो गई है। इस परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल विहीन संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षा में सेंधमारी रोकने और नकल माफियाओं के मंसूबों को मटियामेट करने के लिए खुद एसपी सिटी अमृत जैन ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में एसपी सिटी ने बीती देर रात जिले के विभिन्न संवेदनशील परीक्षा केंद्रों और मुख्य ट्रेजरी (कोषागार) का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

जनपद में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा 03 और 04 जून 2026 को प्रतिदिन 02 पालियों में होनी प्रस्तावित है। बुधवार को शुरु हुई परीक्षा को जनपद में निर्विघ्न, सकुशल व नकलविहीन सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी उमेश मिश्रा व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा जिला पंचायत सभागार में सैक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों व नोडल अधिकारियों के साथ पहले ही पूरी तैयारियां पूरी कर करने का खाका तैयार कर लिया था। परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों, स्ट्रांग रूम, बायोमैट्रिक स्कैनर, मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केन्द्र पर शौचालय, पेयजल, अभ्यर्थियों के मोबाइल, बैग इत्यादि जमा करने की समुचित व्यवस्था करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।

सीसीटीवी से लेकर स्ट्रांग रूम तक की बारीकी से जांच
बुधवार को टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा कराने की तैयारी को लेकर बीती देर रात शुरू हुए इस औचक निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के हर बिंदु को खुद परखा। उन्होंने केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था, परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव कार्यशीलता, स्ट्रांग रूम की अभेद्य सुरक्षा और प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को हिदायत देते हुए एसपी सिटी ने कहा कि परीक्षा के दौरान हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर तीसरी आंख (सीसीटीवी) और खुफिया तंत्र के जरिए कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी स्तर पर थोड़ी सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ट्रेजरी पहुंचकर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को भी परखा
परीक्षा केंद्रों का हाल जानने के बाद एसपी सिटी सीधे सरकारी ट्रेजरी (कोषागार) पहुंचे, जहां प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने वहां तैनात सुरक्षाबलों की मुस्तैदी को परखा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही प्रश्नपत्रों के रख-रखाव और परीक्षा केंद्रों तक उनके सुरक्षित वितरण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। इसमें सुरक्षा घेरे से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

“यातायात रहे सुचारू, अभ्यर्थियों को न हो कोई असुविधा”
एसपी सिटी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दिनों में केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग लगातार बढ़ाई जाए और केंद्रों के बाहर किसी भी सूरत में अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। इसके साथ ही, उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि दूर-दराज से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा या जाम का सामना न करना पड़े।

सभी क्षेत्राधिकारियों ने संभाला मोर्चा
मीडिया से बात करते हुए एसपी सिटी अमृत जैन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता, शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति या गिरोह ने परीक्षा की शुचिता को भंग करने या नकल कराने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ इतनी कठोर वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी कि वह मिसाल बनेगी। कप्तानी निर्देशों के तहत जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों (COs) ने भी अपने-अपने सर्किल के परीक्षा केंद्रों का देर रात सघन निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।