मुजफ्फरनगर में चुनावी हलचल: बसपा में संगठन फेरबदल, सपा जिलाध्यक्ष का इस्तीफा

मुजफ्फरनगर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के चलते राजनीतिक दलों में उठापटक का दौर शुरू हो गया है। बसपा ने संगठन में फेरबदल करते हुए सतीश कुमार रवि को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।

आनंद प्रकाश को मंडल कोऑर्डिनेटर बनाया है। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने मीरापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस्तीफा भेज दिया है।

जिया चौधरी ने मीरापुर विधानसभा सीट से चुनाव की जताई दावेदारी
जिया चौधरी ने बताया कि बीते दिनों राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें कहा था कि विधानसभा चुनाव लड़ने वाले संगठन में किसी पद पर नहीं रहेंगे। इसी के चलते राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस्तीफा भेजा है। अनुरोध किया है कि मीरापुर विधानसभा सीट से टिकट दिया जाए। उन्होंने बताया कि अभी इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। पार्टी हाईकमान का जो निर्देश होगा, उसका पालन किया जाएगा।

दो साल में बसपा ने बदले तीन जिलाध्यक्ष
वहीं, बसपा में पदाधिकारियों की जिम्मेदारी बदली है। आनंद प्रकाश को जिलाध्यक्ष से हटाकर मंडल कोआर्डिनेटर बनाया गया है। वर्ष 2019 से 2024 तक जिलाध्यक्ष रहे सतीश कुमार रवि को फिर से जिलाध्यक्ष बनाया गया है। आनंद प्रकाश का बतौर जिलाध्यक्ष मात्र छह माह का कार्यकाल रहा। इनसे पूर्व पांच माह पुष्पांकर पाल और इतने ही समय रविंद्र गौतम बसपा जिलाध्यक्ष रहे।

सतीश को फिर मिली जिम्मेदारी
सतीश कुमार रवि ने बताया कि सभी को साथ लेकर संगठन की मजबूती को कार्य किए जाएंगे। पिछले छह माह में बूथ स्तर पर कमजोरी सामने आई हैं। अब बूथ कमेटी को गांव-गांव खड़ा किया जाएगा। लोगों को बसपा की जनहितकारी नीतियों से अवगत कराएंगे।

बसपा के नवनियुक्त मंडल कोऑर्डिनेटर आनंद प्रकाश ने कहा कि जो जिम्मेदारी आलाकमान ने दी है, उसका निष्ठा से निर्वहन किया जाएगा। पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को आगे बढ़ने का कार्य करते रहेंगे।