मुजफ्फरनगर में 24 घंटे में तीन मुठभेड़, हत्यारोपित समेत हिस्ट्रीशीटर और वाहन चोर पकड़े

मुजफ्फरनगर। जनपद में 24 घंटे में तीन मुठभेड़ की गई। जिनमें हत्यारोपित बदमाश समेत अंतरराज्यीय वाहन चोर, हिस्ट्रीशीटर बदमाश को दबोचा है। इनमें चार बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों के कब्जे से तमंचा, बाइक सहित नगदी बरामद हुई। एक बदमाश को पकड़ने के बाद पुलिस ने हत्याकांड का राजफाश किया है।

नगर कोतवाली पुलिस ने शाहबुद्दीनपुर रोड से मिमलाना की तरफ जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों को रूकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर बदमाशों की बाइक फिसल गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बदमाश मुकेश ठाकुर पुत्र लल्लू ठाकुर निवासी गाजीपुर मंडी, गाजीपुर मंडी पूर्वी दिल्ली दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अमित कश्यप पुत्र उदयवीर कश्यप मूल निवासी ग्राम मलेड़ी, गढ़ीपुख्ता, शामली व हाल पता निवासी खिचड़ीपुर, गाजीपुर मंडी पूर्वी दिल्ली को काम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया।

बदमाशों के कब्जे से बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। बदमाश अंतरराज्यीय स्तर के चोर हैं। वाहनों की चोरी के साथ घर-दुकानों से सामान चोरी कर फरार हाे जाते थे। बदमाश मुकेश पर आठ और अमित पर भी सात से अधिक मुकदमें दर्ज हैं।

भोपा और सिखेड़ा पुलिस ने संयुक्त मुठभेड़ में विकसित उर्फ राकी चौधरी हत्याकांड में शामिल पुलिस ने मोन्टी त्यागी पुत्र हरेंद्र निवासी गांव मलपुर, भोपा को गिरफ्तार किया है, जो पैर में गोली लगने से घायल हुआ है।

गिरफ्तार आरोपित ने स्वीकार किया है कि विकसित उर्फ राकी की पत्नी रेणू व उसके सौतेले बेटे बादल, बादल की पत्नी निशा के साथ मिलकर विकसित को बड़ौत ले जाकर उसकी हत्या की थी। सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को ग्राम कादी पुर में शुभम के खेत में गड्डे में दबा दिया था।

वहीं रामराज पुलिस ने गैंग्सटर व हिस्ट्रीशीटर बदमाश इनमा पुत्र नफीस निवासी मुहल्ला मुश्तर्क, मीरापुर को पकड़ा है। बदमाश दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। आरोपित के विरुद्ध 10 से अधिक लूट, हत्या के प्रयास, चोरी के मुकदमें दर्ज हैं।