जयपुर: राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के दौर पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटों में कहीं भी हीटवेव दर्ज नहीं की गई है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों के लिए एक बड़ी अपडेट जारी की है। आज बुधवार 3 जून से राज्य में एक नया तीव्र पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे आंधी, तेज अंधड़ और बारिश की गतिविधियों में भारी बढ़ोतरी होगी।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, उत्तर-पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने और हीटवेव से पूरी तरह राहत मिलने की प्रबल संभावना है।
60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगा अंधड़
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 3 और 4 जून को नया सिस्टम एक्टिव होने से बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के जिलों में मौसम तेजी से बदलेगा। इस दौरान कहीं-कहीं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने, मेघगर्जन होने और मध्यम से तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की प्रबल आशंका है।
इन जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, डीडवाना-कुचामन, नागौर और चूरू जिलों में मौसम विभाग ने सबसे बड़ा अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने, मेघगर्जन होने, आकाशीय बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि (ओले गिरने) की प्रबल आशंका जताई गई है।
जयपुर-अजमेर में कैसा रहेगा मौसम?
अजमेर, भीलवाड़ा, ब्यावर, टोंक और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज दर्जे का अलर्ट है। इन जिलों में वज्रपात (बिजली गिरने) और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके विपरीत, पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा, डीग, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और खैरथल-तिजारा जैसे जिलों के लिए 3 जून को कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, यानी इन क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से सामान्य या शुष्क रहने की उम्मीद है।
चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक बारिश, कोटा का तापमान गिरा
पिछले 24 घंटों की बात करें तो चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक 61 mm (6 सेमी) बारिश दर्ज की गई है। वहीं कोटा में तापमान में सबसे भारी गिरावट देखी गई, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6°C और न्यूनतम तापमान सामान्य से 8.0°C नीचे चला गया। फलौदी में राज्य का सर्वाधिक तापमान 43.8°C दर्ज किया गया।