Chhattisgarh: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।राष्ट्रपति मुर्मू को छत्तीसगढ़ आने के लिये आमंत्रित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री साय को छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्षगांठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू को अवगत कराया कि वर्ष 2025 छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। रजत जयंती वर्ष के विशेष अवसर पर राज्य सरकार के किए जा रहे विकास कार्यों, जनकल्याण और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह उपस्थित रहे।
उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन से भी की मुलाकात
मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली प्रवास के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। उन्होंने उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन को छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के रजत जयंती वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर 5 नवम्बर को नया रायपुर में आयोजित राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होने के लिये न्यौता दिया। इस पर
उपराष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ आने की सहमति दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव, सम्मान और अपार हर्ष का विषय है कि देश के उपराष्ट्रपति अपनी गरिमामयी उपस्थिति से राज्योत्सव के समापन समारोह को अविस्मरणीय बनाएंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू एवं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित थे।