मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में आने वाले दो दिनों तक झमाझम बारिश होने का अलर्ट जारी किया है, क्योंकि मानसूनी गतिविधियां छत्तीसगढ़ में फिलहाल पूरी तरह से एक्टिव दिख रही है, जहां गरज-चमक की तीव्रता के साथ राज्य में बारिश हो सकती है.
छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है. महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, बलरामपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद जिलों के लिए यह अलर्ट जारी हुआ है. इन जिलों में आज अच्छी बारिश हो सकती है.
इसके अलावा मौसम विभाग ने बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है, ऐसे में लोगों से इस दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है, ताकि किसी तरह की समस्या ना हो.
अक्टूबर में अच्छी बारिश
छत्तीसगढ़ में इस बार अक्टूबर की शुरुआत से ही अच्छी बारिश हो रही है, अक्टूबर में सामान्य तौर पर मानसून लौट जाता है, लेकिन इस बार राज्य में अब तक 21.1 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस बार अब तक 54 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है.
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में इस बार मानसून की एंट्री लेट हुई थी तो वापसी भी लेट ही होने वाली है, राज्य में मानसून इस बार 10 दिन की देरी से लौट सकता है, यानि राज्य में अभी आने वाले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है.
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई है, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और बस्तर संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश होने के बाद तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिली है. ऐसे में मौसम में हल्की नमी दिख रही है.
छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में 2 दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है. क्योंकि मानसून फिलहाल यहां एक्टिव नजर आ रहा है, ऐसे में बारिश की संभावना बढ़ गई है. मौसम विभाग ने लोगों से फिलहाल सावधानी बरतने की अपील की है.