Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है. नवंबर की शुरुआत के साथ अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर और तेज़ होने के आसार हैं. वहीं, पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और कहीं भी वर्षा की संभावना नहीं है.
दिन में गर्माहट, रात में ठंड का असर
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.5°C रायपुर के माना एयरपोर्ट में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.4°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया. पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और वर्षा के कोई आंकड़े दर्ज नहीं हुए.
कोई बड़ा मौसमीय तंत्र सक्रिय नहीं
वर्तमान में छत्तीसगढ़ पर कोई प्रमुख मौसमीय तंत्र सक्रिय नहीं है. इसके कारण प्रदेश में अगले दो दिनों तक शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहेगी.
आज का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 8 नवंबर को भी पूरे प्रदेश में आकाश साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना है. रायपुर शहर में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 18°C के आसपास रहने का अनुमान है.
अगले दो दिन में मौसम का मिजाज
अगले दो दिनों तक प्रदेश में शुष्क मौसम रहेगा. सुबह और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी, जिससे सर्दी का असर और बढ़ेगा.
छत्तीसगढ़ के सभी संभागों का संभावित तापमान
रायपुर संभाग में अधिकतम तापमान 30-32°C और न्यूनतम 17-19°C, बिलासपुर संभाग में अधिकतम 29-31°C और न्यूनतम 15-17°C, दुर्ग संभाग में अधिकतम 30°C और न्यूनतम 16°C, बस्तर संभाग में अधिकतम 28°C और न्यूनतम 14°C, जबकि सरगुजा संभाग में अधिकतम 27°C और न्यूनतम 13°C तक रहने की संभावना है.