छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, कई जिलों में आंधी का अलर्ट

Chhattisgarh Weather Update-छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम में बदलाव होने वाला है. इस बदलाव के चलते लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. मौसम विभाग ने प्रदेशभर में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में हल्की आंधी के साथ-साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है. आंधी-बारिश के चलते तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है. 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. मई की शुरुआत से ही प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है.

अगले 5 दिन बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा. प्रदेश के सभी संभागों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना है. 5 मई से मौसम की एक्टिविटी तेज होने का अनुमान है. वहीं कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं.

3 से 5 डिग्री गिरेगा तापमान
मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि अगले 24 घंटे में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगी, लेकिन इसके बाद अगले 5 दिन तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है.

तापमान में नहीं आया बदलाव
पिछले 24 घंटों की बात करें तो उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई है. दूसरे क्षेत्रों में तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला है.

राजनांदगांव सबसे गर्म
रविवार को छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहा. वहीं सबसे कम तापमान जगदलपुर में दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री रहा.

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
आज राजधानी रायपुर में बादलों की आवाजाही रहेगी, आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. वहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है. आज तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने आंधी-बारिश और बिजली गिरने के अलर्ट के बीच लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. लोगों को खुले में जाने से बचने और पेड़ों, बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.