छत्तीसगढ़ में पारिवारिक विवाद का खतरनाक अंत, जीजा ने की दो सालियों की गोली मारकर हत्या

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक घरेलू विवाद के बाद एक शख्स ने अपनी पत्नी की दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया की यह वारदात मंगलवार रात पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा इलाके में हुई। आरोपी शख्स की पहचान जितेंद्र वर्मा के रूप में हुई है, जो कि एक बाउंसर के रूप में काम करता है। वारदात के बाद आरोपी ने थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात के बाद पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी जितेन्द्र वर्मा और उसकी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के बीच घरेलू मुद्दों को लेकर अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी तरह की एक घरेलू कलह के बाद खिलेश्वरी मंगलवार को अपने बच्चे के साथ अपने मायके रहने चली आई थी। इसके बाद जब जितेंद्र ने पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की तो वह उसका फोन नहीं उठा रही थी, इसी बीच रात 9 से 9.30 बजे के बीच जितेन्द्र अपनी लाइसेंसी पिस्तौल लेकर मोवा बाजार के पास अपने ससुराल पहुंचा और अपने बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।

जीजा को समझा रही थी दोनों सालियां
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जितेंद्र को बेहद गुस्से में घर पर देख उसकी दोनों सालियां दुर्गेश्वरी वर्मा (24) और गीतांजलि वर्मा (26) बाहर आईं और उसे समझाते हुए वहां से चले जाने के लिए कहने लगीं। हालांकि सालियों को अपनी बात मानता ना देख जितेंद्र और ज्यादा भड़क गया ओर उसने कई गोलियां चला दीं।

एक साली को माथे पर, दूसरी को पीठ पर गोली मारी
अधिकारी के अनुसार जितेंद्र की चलाई एक गोली गीतांजलि की माथे पर लगी, जिससे वह वहीं पर बेसुध होकर गिर पड़ी, जबकि दुर्गेश्वरी को पीठ में गोली लगी थी। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत ही दोनों बहनों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

उधर इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद भी आरोपी घबराया नहीं, बल्कि घर से बाहर निकला और एक हवाई फायर भी किया। इसके बाद वह पंडरी थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से अक्सर दोनों में झगड़े होते रहते थे। मंगलवार को भी आरोपी जब ससुराल पहुंचा तो उसका ससुराल पक्ष से विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपी ने अपनी साली पर फायरिंग कर दी। लोगों का कहना है कि वारदात के वक्त आरोपी नशे में धुत था। हालांकि पुलिस ने इस बारे में कुछ भी नहीं कहा है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मयंक गुर्जर ने बताया कि आरोपी जो कि एक बाउंसर के तौर पर काम करता है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।