छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों में मुठभेड़, कई नक्सली के मारे जाने की खबर

बीजापुर: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो रही है. बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में जवानों ने बड़ी संख्या में नक्सलियों को घेर रखा है, जिसमें कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर भी सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि यहां सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कुछ टॉप कमांडरों को घेर रखा है, बीजापुर जिले के एसपी ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है, हालांकि अभी कितने नक्सली मारे गए हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं आई है, लेकिन सुरक्षाबलों और पुलिस के जवानों ने यह पूरा इलाका घेर रखा है.

नक्सलियों को घेरा
बीजापुर जिले के एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक बीजापुर नेशनल पार्क के पास यह मुठभेड़ चल रही है, यह इलाका छत्तीसगढ़ के बीजापुर और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से लगा है, जहां सुरक्षाबलों और पुलिस का ऑपरेशन जारी है, बताया जा रहा है कि यहां कुछ नक्सलियों को भी ढेर किया गया है, लेकिन संख्या सर्चिंग के बाद ही सामने आएगी, फिलहाल बताया जा रहा है कि यहां सुरक्षाबलों ने बड़े नक्सलियों को घेर रखा है, जहां दोनों तरफ से फायरिंग जारी है. वहीं पुलिस भी अलर्ट पर इलाके में बनी हुई है.

बता दें कि इस साल बड़ी संख्या में नक्सलियों ने सरेंडर किया है तो कई बड़े नक्सली कमांडर भी इस बार मारे गए हैं. ऐसे में बस्तर के जिलों में फिलहाल सुरक्षाबल अलर्ट मोड पर नजर आ रहे हैं.

हिडमा की मां से मिले थे विजय शर्मा
नक्सलियों के खात्मे के लिए दोनों तरफ से लगातार काम किया जा रहा है. छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने नक्सलियों के टॉप कमांडर हिडमा के गांव पूवर्ती जाकर उनकी मां से मुलाकात की थी, जहां विजय शर्मा ने हिडमा से हथियार डालकर सरेंडर करने की अपील उनकी मां से की थी, इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की थी और गांव के लोगों से भी मुलाकात की थी.