नई दिल्ली। बिहार चुनाव के दूसरे फेज का मतदान जारी है। इसके साथ ही छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में आठ विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है।
इनमें जम्मू-कश्मीर की बडगाम और नगरोटा, राजस्थान की अंता, झारखंड की घाटशिला, तेलंगाना की जुबली हिल्स, पंजाब की तरनतारन, मिजोरम की डंपा और ओडिशा की नुआपाड़ा सीट शामिल है। बिहार के साथ ही इन विधानसभा सीटों पर भी 14 नवंबर को मतगणना कराई जाएगी।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा बडगाम से इस्तीफा देने के बाद इस निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतदान होगा। अब्दुल्ला ने 2024 के विधानसभा चुनाव में दो सीटों पर जीतने के बाद गांदरबल सीट को बरकरार रखने और बडगाम सीट खाली करने का फैसला किया था।
बडगाम उपचुनाव में कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। नेशनल कांफ्रेंस ने इस निर्वाचन क्षेत्र से आगा महमूद, पीडीपी ने आगा सैयद मुंतजिर और भाजपा ने सैयद मोहसिन को मैदान में उतारा है।