रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आ रही है। यहां पुलिस ने एक 42 वर्षीय व्यक्ति को अपनी ही पड़ोसी 50 वर्षीय महिला की हत्या करने, उसके शव के साथ दरिंदगी करने और फिर सबूत मिटाने के लिए लाश के टुकड़े-टुकड़े कर नदी में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले भी 2017 में एक महिला की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
चोरी और जबरदस्ती का विरोध करने पर हत्या
पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक घटना 6 जुलाई की रात की है। आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ ‘बंगाली’ सोनपुरी गांव में रहने वाली 50 वर्षीय महिला के घर में चोरी के इरादे से घुसा था। उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, लेकिन जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने पास ही रखे फावड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
शव के साथ की दरिंदगी
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की मौत के बाद भी आरोपी नहीं रुका। उसने मृत शरीर के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने एक आरी से शव के टुकड़े किए और दोबारा अमानवीय हरकत की। इतना ही नहीं जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी रातभर शव के टुकड़ों को अपनी झोपड़ी में छिपाकर रखा रहा और अगली रात शिवनाथ नदी में फेंक आया। आरोपी ने महिला के घर से 2500 रुपये भी चुराए थे।
बेटे को मिले मां के शव के टुकड़े
बता दें कि इस भयानक जुर्म का खुलासा तब हुआ जब मृतका के बेटे को शिवनाथ नदी के पास एक नाले में दो पोटलियां तैरती हुई मिलीं। इन पोटलियों में घर के कपड़ों के भीतर उसकी मां के कटे हुए अंग लपेटकर फेंके गए थे। बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
बेमेतरा के पुलिस अधीक्षक (SP) त्रिलोक बंसल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स, डॉग स्क्वायड, ड्रोन, नावों और सर्चलाइट की मदद से जांच शुरू की गई। पुलिस ने शक के आधार पर रामप्रसाद को हिरासत में लिया। इसके बाद आरोपी ने कड़ाई से पूछताछ करने पर अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा, शव काटने वाली आरी और चोरी के पैसे बरामद कर लिए हैं।