छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का दुस्साहस, टीचर को परिवार के सामने धारदार हथियार से काट डाला

सुकमा; छत्तीसगढ़ में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के सिलगेर में बुधवार शाम के नक्सलियों ने शिक्षा दूत लक्ष्मण बारसे की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण बारसे मूल रूप से बीजापुर जिले के ग्राम पेगड़ापल्ली का रहने वाला था और वर्तमान में सिलगेर के मंडीमरका में शिक्षा दूत था। नक्सलियों ने उसे पुलिस का मुखबिर बताने का आरोप लगाते हुए मौत के घाट उतार दिया। हमले के दौरान लक्ष्मण के परिजन भी बीच-बचाव के लिए आगे आए, जिन्हें नक्सलियों ने बेरहमी से पीटा।

इस मामले की जानकार देते हुए जगरगुंडा पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल मौके की ओर रवाना हो गए हैं जल्द ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। पुलिस इस हमले को नक्सलियों की कायराना हरकत करार देते हुए क्षेत्र में उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.