छत्तीसगढ़ में भीषण बारिश का कहर, 100 से अधिक गांवों का संपर्क टूटा, अब तक 5 की मौत

बस्तर: Chhattisgarh Heavy Rainfall and Floods: छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। इन इलाकों में बस्तर संभाग भी शामिल है, यहां हुई भीषण बारिश के कारण हालात बेकाबू हो गए हैं। तेज बारिश से आई बाढ़ के चलते करीब 100 से ज्यादा गांवों से संपर्क टूट गया है। इसके अलावा 200 से ज्यादा मकान तबाह हो गए हैं। वायु सेना रेस्क्यु अभियान में जुटी हुई है, लेकिन फिर भी बिगड़ते हालातों के चलते अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बस्तर में 94 सालों का बारिश का रिकॉर्ड टूट चुका है। जानकारी के मुताबिक अब तक 2196 लोगों को राहत शिविर में शिफ्ट किया जा चुका है। हालांकि पांच लोगों के मरने की भी खबर सामने आई है। सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर इलाकों में बाढ़ के चलते हालात काबू के बाहर हो गए हैं। दंतेवाड़ा और आसपास के गांवों में करीब 50 करोड़ से ज्यादा का नुकसान होने की बात सामने आई है। दंतेवाड़ा की इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

छत्तीसगढ़ के 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बस्तर में 2 दिन के लिए भारी बारिश होने का अंदेशा लगाया गया है। बीते 24 घंटों की बात करें तो बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिली। सुकमा में 210 एमएम, बास्तानार में 200 एमएम और लोहांडीगुड़ा में 190 एमएम तक बारिश दर्ज की गई है।

राज्य के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, बस्तर में लगातार तेज बारिश हो रही है। बाढ़ के हालात बने हैं, लेकिन प्रशासन सजग हैं। संबंधित अमले सजग हैं। लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। जहां हैलीकॉप्टर की जरूरत है, मुहैया कराया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा, राहत और बचाव का काम तेज गति से हो रहा है। लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.