छत्तीसगढ़ में फौजी मर्डर केस में NIA ने दायर की सप्लीमेंट्री चार्जशीट, इन 5 माओवादियोंं को बनाया आरोपी

नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 2023 में भारतीय सेना के एक जवान की हत्या में शामिल होने के आरोप में सीपीआई (माओवादी) संगठन के पांच कार्यकर्ताओं के खिलाफ शुक्रवार को सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर कर दी।

एनआईए ने शनिवार को एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि जगदलपुर स्थित एनआईए की स्पेशल कोर्ट में दायर सप्लीमेंट्री चार्जशीट में आरोपी भवन लाल जैन, सुरेश कुमार सलाम, शैलेंद्र कुमार बघेल, अंदूराम सलाम और सोनू हेमला पर आईपीसी, आर्म्स एक्ट और यूएपीए की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

भारतीय सेना के जवान मोतीराम अचला की फरवरी 2023 में कांकेर जिले के आमाबेड़ा इलाके में उसेली गांव के मेले में सीपीआई (माओवादी) के हथियारबंद नक्सलियों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपने परिवार से मिलने गए थे।

एनआईए की जांच से पता चला कि भवन लाल जैन, सुरेश कुमार सलाम, शैलेंद्र कुमार बघेल और अंदूराम सलाम सक्रिय ओवरग्राउंड वर्कर थे और सोनू हेमला सीपीआई (माओवादी) के उत्तर बस्तर संभाग की कुयेमारी एरिया कमेटी का एक सशस्त्र कैडर था। उन्होंने एक अन्य वरिष्ठ माओवादी नेता के साथ मिलकर मोतीराम अचला की पहचान की थी और स्थानीय बाजार में उसकी हत्या कर दी थी।

एनआईए ने इस साल मार्च महीने में स्थानीय लोगों के मन में दहशत पैदा करने की साजिश के सिलसिले में सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने इस साल जून में एक अन्य आरोपी आशु कोर्सा के खिलाफ भी चार्जशीट दायर की थी। एनआईए ने इस केस को फरवरी 2024 में स्थानीय पुलिस से अपने हाथ में ले लिया था। इस मामले की आगे की जांच जारी है।