दुर्ग: जिले में आयोजित एसटी-एससी-ओबीसी संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. अपने संबोधन में भूपेश बघेल ने भाजपा की नीतियों और कार्यशैली को समाज के लिए घातक बताया और कहा कि मौजूदा सरकारें जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने का काम कर रही हैं.
भूपेश बघेल का बीजेपी पर आरोप
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि जब से देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से हिंदू समाज खतरे में है और अब तो सनातन धर्म भी खतरे में आ गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति कर रही है, जिससे आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द कमजोर हो रहा है. भूपेश बघेल ने कहा कि देश की विविधता और एकता को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं.
बीजेपी के सर्व पर पूर्व सीएम
पूर्व मुख्यमंत्री ने भिलाई में सामने आए What Thinks India सर्वे विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पूरे प्रदेश में उनके खिलाफ सर्वे करवा रहे हैं, जो भाजपा के डर को साफ तौर पर दिखाता है. भूपेश बघेल के मुताबिक भाजपा, जनता की नब्ज टटोलने और माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, ताकि लोगों को डराया जा सके और अपने पक्ष में माहौल तैयार किया जा सके.
“डरने वाली नहीं है कांग्रेस”
पूर्व सीएम ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं. कांग्रेस हमेशा आम जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ यह संघर्ष जारी रहेगा. भूपेश बघेल ने एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को एक साथ खड़ा होना होगा.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग के लोग मौजूद रहे. भूपेश बघेल के बयान पर लोगों ने तालियों के साथ समर्थन जताया और कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह राजनीतिक जोश से भरा नजर आया.