Shashi Tharoor Trapped In Lift: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बचे. केरलम के एक प्राइवेट होटल में शशि थरूर और उनके साथ मौजूद कुछ अन्य लोग कई मिनटों तक लिफ्ट में ही फंसे रह गए. यह वाकया उस समय का है जब कांग्रेस सांसद तिरुवनंतपुरम में ‘त्रिवेंद्रम ईस्ट के रोटरी क्लब’ के एक इंस्टॉलेशन सेरेमनी में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे थे. जैसे ही वे कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे, तकनीकी खराबी के चलते होटल की लिफ्ट बीच में ही जाम हो गई.
हाइड्रोलिक स्प्रेडर से खोला गया दरवाजा
लिफ्ट फंसने के बाद तुरंत होटल स्टाफ और लिफ्ट मैकेनिक को बुलाया गया. हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी जब मैकेनिक लिफ्ट का दरवाजा खोलने में नाकाम रहे, तो खुद शशि थरूर और उनकी टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज को फोन मिलाया.
तिरुवनंतपुरम फायर स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक, शाम 7:37 बजे उन्हें होटल की लिफ्ट में सांसद के फंसे होने की इमरजेंसी कॉल मिली थी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक स्पेशल रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर रवाना हुई. राहतकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए आधुनिक हाइड्रोलिक स्प्रेडर का इस्तेमाल किया और लिफ्ट के भारी दरवाजों को खोलकर अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
चाय पीकर जाइए… रेस्क्यू के बाद थरूर ने मुस्कुराते हुए जताया आभार
सोशल मीडिया पर सामने आए विजुअल्स में देखा जा सकता है कि लिफ्ट से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद शशि थरूर के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी, बल्कि वे राहत की सांस लेते हुए मुस्कुरा रहे थे. बाहर आते ही उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लिफ्ट अचानक फंस गई थी. हमने बाहर निकलने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन जब कुछ काम नहीं आया, तो हमने फायर एंड रेस्क्यू टीम को फोन किया. चिंता की कोई बात नहीं है, हम सब बिल्कुल ठीक हैं.
शशि थरूर ने महज 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर एक्शन लेने के लिए रेस्क्यू टीम की जमकर तारीफ की. उन्होंने मुस्कुराते हुए अधिकारियों से कहा कि अगर आपके पास थोड़ा वक्त हो, तो जाने से पहले मेरे साथ चाय पी लें. हालांकि, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने विनम्रता से मना कर दिया और सांसद से हाथ मिलाकर आगे के लिए रवाना हो गए. मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस नेता ने बाद में फायर और रेस्क्यू टीम के कर्मचारियों को उनके त्वरित एक्शन और बहादुरी के लिए विशेष रूप से सम्मानित भी किया.