छत्तीसगढ़ में प्रेशर आइईडी विस्फोट, 11 जवान घायल; एयरलिफ्ट कर पहुंचाया गया अस्पताल

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में चल रहे माओवादी विरोधी अभियान के दौरान प्रेशर आईईडी विस्फोट में 11 जवान घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार शनिवार शाम को तीन और रविवार को आठ जवान विस्फोट की चपेट में आए।

घायलों में एक कोबरा बटालियन का जवान गंभीर रूप से घायल है, जबकि 10 डीआरजी जवानों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया है। बताया गया है कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र को माओवादियों से मुक्त कराने के लिए हाल ही में करीब 22 हजार जवानों ने 21 दिनों तक सघन अभियान चलाया था। इस अभियान में सुरक्षा बलों ने 36 माओवादियों को मार गिराया था।

अभियान की सफलता के बाद कर्रेगुट्टा सहित बीजापुर के 13 स्थानों पर आजादी के बाद पहली बार गणतंत्र दिवस मनाया गया। ताड़पाला कैंप में सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन ने पहली बार ध्वजारोहण किया। सूत्रों का कहना है कि जवानों का मनोबल प्रभावित न हो, इसलिए घटना की जानकारी तत्काल सार्वजनिक नहीं की गई।

बावजूद इसके, घायल होने के बाद भी जवानों का हौसला कम नहीं हुआ और पूरे गर्व के साथ माओवादियों के गढ़ में तिरंगा फहराया गया। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्च और एंटी माओवादी अभियान और तेज कर दिया है।