रायपुर. पश्चिम बंगाल के विधायक सुशांत घोष इन दिनों छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. मंगलवार को उन्होंने राज्य के डिप्टी सीएम विजय शर्मा और बंग समाज के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर चर्चित फिल्म “द बंगाल फाइल्स” देखी. फिल्म देखने के बाद दोनों नेताओं ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर जमकर हमला बोला.
फिल्म देखने के बाद सुशांत घोष ने कहा कि ममता बनर्जी इस फिल्म से डरी हुई हैं. उन्हें लग रहा है कि अगर यह फिल्म चलेगी तो सारे हिंदू एकजुट हो जाएंगे और गुस्सा बढ़ जाएगा. इसी डर से उन्होंने फिल्म पर बैन लगाया है. मगर सच को दबाने से वह मिट नहीं सकता. ग्रेट कोलकाता किलिंग क्या था, मुर्शिदाबाद में हाल ही में क्या घटनाएं हुईं यह सब देश और दुनिया को पता होना चाहिए. वहां सिर्फ एक एजेंडा है ‘हिंदू को मारो, हिंदू को जलाओ और देवी-देवताओं की मूर्तियां तोड़ो’. यही हकीकत ममता बनर्जी छुपाना चाहती हैं.”
डिप्टी सीएम विजय शर्मा का बयान
वहीं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि विभाजन के समय बंगाल ने जो विभीषिका झेली, यह फिल्म उसी को उजागर करती है. इसमें पुराने पेपर कटिंग्स और ऐतिहासिक तस्वीरें दिखाई गई हैं. यह सिर्फ अतीत की कहानी नहीं, आज की हकीकत भी है. फिल्म का आधा हिस्सा अभी बाकी है, हम आगे भी इसे देखेंगे.” उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में इस फिल्म को देखना बहुत जरूरी है. “जब राज्य सरकार इसे बैन कर रही है तो हम नेटफ्लिक्स आईडी शेयर करके वहां के लोगों तक यह फिल्म पहुंचाएंगे. सच को जनता तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता.”
बंगाल फाइल्स पर राजनीति
‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति गर्म है. एक ओर ममता बनर्जी सरकार ने इसे बैन कर दिया है, वहीं विपक्ष का कहना है कि फिल्म में जो दिखाया गया है वह बंगाल के इतिहास और मौजूदा हालात की सच्चाई है.