छत्तीसगढ़ में अलगे 72 घंटे भारी…रायपुर में समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी, प्रशासन की अपील, बेवजह बाहर न निकलें

Chhattiagarh Mausam Update: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक 26 जुलाई को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. विभाग ने गरज-चमक के साथ वज्रपात आशंका भी जताई है.

छत्तीसगढ़ में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 26, 27 और 28 जुलाई को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होती रहेगी. 26 और 27 जुलाई को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं 28 जुलाई को भी कई इलाकों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से 19 प्रतिशत कम रही है. रायपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है. इस सिस्टम की वजह से राज्य में नमी का स्तर बढ़ गया है और बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं. विभाग का अनुमान है कि इस मौसमी सिस्टम का असर अगले दो-तीन दिनों तक बना रहेगा.

इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर जैसे जिलों में तेज हवाओं और जोरदार गरज के साथ काफी नुकसान हो सकता है. इसलिए लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

60KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
वहीं, बस्तर डिवीजन के सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और उत्तर बस्तर कांकेर जिलों के साथ-साथ दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कबीरधाम, मुंगेली, बेमेतरा और कोरबा जिलों में गरज-चमक और बिजली के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. यहां हवा की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है.