मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को दक्षिण और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है. इस बीच अगले दो दिनों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसके दौरान हवा की गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
पूर्वोत्तर यूपी से ओडिशा तक बनी ट्रफ लाइन
मौसम विभाग के अनुसार इस समय पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण आंतरिक ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन (कम दबाव की रेखा) बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़ के ऊपर से होकर गुजर रही है.
ठंडी-गर्म हवाओं के मिलने से बन रहे बादल
यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है. यह ट्रफ लाइन आसपास के क्षेत्रों से नमी को अपनी ओर खींचती है. जब उत्तर से आने वाली ठंडी हवा, दक्षिण से आने वाली गर्म और नमी से भरी हवा से इस रेखा पर मिलती है, तो बादल बनने लगते हैं.
गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
इसी कारण से धूप खिली होने के बावजूद अचानक एक ‘स्थानीय सिस्टम’ बन जाता है, जिसके इसके चलते गरज और बिजली कड़कने के साथ बारिश होती है.
तापमान में गिरावट आने की संभावना
पूरे राज्य में तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ज्यादा है. पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया. हालांकि अगले 24 घंटों में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है.
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में रविवार को मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है. यहां का अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.