छत्तीसगढ़ में आफत की बारिश: बाढ़ जैसे हालात, स्कूलों में छुट्टी घोषित, ट्रेनें रद्द, 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट; IMD की चेतावनी

Chhattisgarh Mausaum Update: छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर से जोरदार वापसी की है. लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है. बिलासपुर में भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे 47 पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं. शहर के कई इलाकों में सड़कों पर 4 से 5 फीट गहरा पानी बह रहा है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश में तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है.

छत्तीसगढ़ का मौमस
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर केंद्र ने 18 जुलाई शनिवार के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, राज्य के मध्य और उत्तर-मध्य हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि ज्यादातर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र के असर से अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में बारिश होने की संभावना है. साथ ही, आने वाले हफ्ते में राज्य के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा और आसपास के जिलों के निवासियों को बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.

तेज हवाएं चलने की चेतावनी
इसके अलावा, 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में इनकी गति 50-60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की भी उम्मीद है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिना जरूरत के खुली जगहों पर न जाने की अपील की है.

मूसलाधार बारिश से हालात बेहद गंभीर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लगातार हो रही बारिश से हालात बेहद गंभीर बन गए. शहर में करीब 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बने हैं. कई इलाकों में और मुख्य सड़कों पर पानी भरा गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. बारिश और जलभराव के कारण शहर के कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर पानी में डूब गए, जिससे कई इलाकों में बिलजी आपूर्ति ठप हो गई और ब्लैकआउट की स्थिति बन गई है.

स्कूलों में छुट्टी घोषित
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. वहीं रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से रेल संचालन भी प्रभावित हुआ है. 5 मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 3 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है.लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने और केवल आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकले की अपील की है. राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और सहायता कार्य में जुटे हुए हैं.

लीलागर नदी उफान पर
वहीं कोटमिसोनार में लीलागर नदी पर बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है. एहतियात के तौर पर इस रास्ते को भी बंद कर दिया गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेवजह यात्रा न करें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.