मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को राज्य की नई आर्थिक ताकत के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। सरकार का फोकस राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने पर है।
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गुरुवार को पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) के प्रतिनिधियों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ नदियों, जलप्रपातों, पहाड़ों, घने जंगलों और समृद्ध आदिवासी परंपराओं से भरपूर राज्य है, जिसकी सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता उसे विशेष पहचान देती है। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ की वास्तविक सुंदरता, सांस्कृतिक समृद्धि और प्राकृतिक विविधता को दुनिया के सामने लाना हमारा उद्देश्य है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने के बाद राज्य में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इससे पर्यटकों के लिए बेहतर ठहराव, आधुनिक सुविधाएं और परिवहन व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।
बैठक के दौरान IHCL के प्रतिनिधियों ने बताया कि कंपनी छत्तीसगढ़ के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में Rs 500 करोड़ से अधिक निवेश की योजना पर काम कर रही है। कंपनी ने कहा कि इस निवेश से राज्य में पर्यटन अधोसंरचना मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के निवेश से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है और सभी जरूरी अनुमतियों की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है। उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बैठक में निवेश प्रोत्साहन नीति और उपलब्ध इंसेंटिव्स की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई निवेशक Rs 500 करोड़ से अधिक निवेश करता है या 1000 से अधिक लोगों को रोजगार देता है, तो उसे ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ के तहत अतिरिक्त प्रोत्साहन और विशेष लाभ दिए जाएंगे। बैठक में यह भी बताया गया कि सरकार पर्यटन क्षेत्र में सड़क संपर्क, आवासीय सुविधाएं, आधुनिक पर्यटन सेवाएं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
बैठक में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, निवेश आयुक्त ऋतु सेन, उद्योग सचिव रजत कुमार और पर्यटन सचिव डॉ. एस. भारतीदासन समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।