हरियाणा-हिमाचल बॉर्डर में भीषण सड़क हादसा, 2 बाइक पर सवार थे 5 लोग, दो युवतियों समेत 4 की मौत

यमुनानगर: हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बॉर्डर पर लाल डांग के पास भीषण सड़क हादसा पेश आया है. इसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हैं. फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया है. जानकारी के अनुसार, यमुना नगर जिले में हिमाचल बॉर्डर पर लाल डांग में यह घटना पेश आई है. बताया जा रहा है कि हिमाचल के सिरमौर जिले के रेणुकाजी के रहने वाले पांच लोग 2 बाइकों पर सवार थे. इस दौरान ढलान से उतरते समय मक्के से भरा ट्रक बेकाबू हो गया और फिर उसने बाइक सवारों को रौंद दिया. हादसे में दो पुरुष और दो लड़कियों की मौत हो गई है, जबकि घायल महिला को रेफर किया गया है.

बताया जा रहा है कि प्रताप नगर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं और ट्रक को जेसीबी की मदद से सीधा कर ट्रैफिक को बहाल किया जा रहा है. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. मक्के से भरा एक ट्रक ढलान से नीचे उतर रहा था. इसी दौरान अचानक ट्रक बेकाबू हो गया और सामने जा रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.

2 बाइक पर एक ही परिवार और रिश्तेदार सहित कुल 5 लोग सवार थे. ये हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रेणुका जी की ओर जा रहे थे. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में दो मासूम बेटियां, एक रिश्तेदार और एक अन्य व्यक्ति शामिल है. वहीं हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से ट्रक के नीचे फंसे वाहनों और लोगों को बाहर निकाला.
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन की टीम ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटी रही. फिलहाल जेसीबी मशीन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सीधा कर सड़क से हटाने का काम किया जा रहा है ताकि यातायात को सामान्य किया जा सके. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.