Chhattisgarh Weather Update-छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में है और तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चला गया है, वहीं दूसरी और मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में राहत के संकेत दिए हैं. प्रदेश में जल्द ही बादलों की आवाजाही शुरू होने वाली है, जिससे तपती धूप से जूझ रहे लोगों को आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है.
तापमान में भारी बढ़ोतरी
पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ में सूरज के तेवर काफी कड़े नजर आ रहे हैं. राज्य के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है. दिन के समय चलने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटो तक स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी, लेकिन इसके बाद पारे में गिरावट का दौर शुरू होगा.
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में रही ठंडक
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क यानी ड्राई रहा. इस दौरान राजनांदगांव जिला राज्य में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. इसके उलट, सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री तक गिर गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों में भी पारा 39 डिग्री के आसपास बना हुआ है.
गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के अंदर छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के प्रभाव से कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है, जिससे वातावरण में मौजूद गर्मी कम होगी.
बस्तर संभाग में विशेष बदलाव के आसार
प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर संभाग में मौसम का मिजाज सबसे पहले बदल सकता है. 14 मार्च को संभाग की कुछ जगहों पर हल्दी बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. वहीं, 15 मार्च को बारिश की स्थिति बढ़ सकती है और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की जा सकती है. इससे दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान में कमी आने की उम्मीद है.
पार गिरने से मिलेगी गर्मी से राहत
वर्तमान में भले ही लोग उमस और लू जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं, लेकिन मौसम विभाग की भविष्यवाणी राहत देने वाली है. अनुमान है कि 24 से 48 घंटों के बाद पूरे प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है. इस बदलाव से मार्च के मध्य में लोगों को एक बार फिर सुहावने मौसम का अहसास होगा.
कुछ शहरों का तापमान
प्रदेश के शहरों में तापमान का अंतर साफ देखा जा सकता है. जहां बिलासपुर और रायपुर में पारा 39.4 डिग्री के करीब बै, वहीं पेंड्रारोड और जगदलपुर में यह 37 डिग्री के आसपास बना हुआ है. अंबिकापुर में रातें अभी भी ठंडी हैं, जबकि राजनांदगांव और दुर्ग जैसे इलाकों में दोपहर की धूप काफी तीखी महसूस की जा रही है. फिलहाल मौसम विभाग ने किसी बड़े खतरे का अलर्ट तो जारी नहीं किया है, लेकिन सावधानी बरतने की सलाह दी है.
क्या करें, क्या न करें
मौसम में आने वाले इस उतार-चढ़ाव को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को अपनी सेहत का ख्याल रखने की सलाह दी है. गर्मी से बचने के लिए भरपूर पानी, नींबू पानी और छाछ जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है. साथ ही, दोपहर 12 से 3 बजे के बीच सीधी धूप से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बाहर निकलते समय छाता या गमछा इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई है ताकि हीट स्ट्रोक जैसी स्थिति से बचा जा सके.