राजस्थान में हार पर डोटासरा का बड़ा बयान, बोले: हमारे लोगों ने धोखा किया

इस खबर को शेयर करें

जयपुर। जयपुर जिला प्रमुख के चुनाव में बहुमत होने के बावजूद क्रॉस वोटिंग से हुई कांग्रेस की हार को लेकर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बड़ा बयान सामने आया है। डोटासरा ने कहा कि हमारे ही लोगों ने हमारे साथ विश्वासघात किया है, इन लोगों पर कार्रवाई जरूर होगी और कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

पीसीसी चीफ डोटासरा ने सोमवार शाम को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जनता ने जनादेश कांग्रेस पार्टी को दिया था लेकिन भाजपा ने प्रजातंत्र का गला घोंट और उसका चीर हरण करके साम-दाम दंड-भेद से जयपुर जिला प्रमुख बनवा लिया।

उन्होंने कहा कि हमारे ही लोगों ने हमारी पीठ पर छूरा घोपा। ऐसे लोगों पर पार्टी सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी, उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने इस पर रिपोर्ट मांगी है और आलाकमान को जल्द ही रिपोर्ट सौंप कर विश्वासघात करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा ने लोकतंत्र का चीरहरण किया
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि आरएसएस और भाजपा की पाठशाला में चोरी और डकैती का जो पाठ पढ़ाया जाता है। उसका एक उदाहरण जयपुर जिला प्रमुख के चुनाव में देखा जा सकता है, जहां पर भाजपा ने लोकतंत्र का चीर हरण करते हुए नंगा नाच किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रजातांत्रिक व्यवस्था का गला घोट कर यह कुकृत्य किया है। यही कुतृत्य महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक और मध्यप्रदेश में किया गया था जहां पर चुनी हुई सरकार गिराने का षडयंत्र रचा गया था, लेकिन राजस्थान, महाराष्ट्र मैं यह षड्यंत्र कामयाब नहीं हो पाया तो अब इन्होंने पंचायत चुनाव में भी यही षड़यंत्र रचा और इसमें सफल हो गए।

भाजपा को जनता सबक सिखाएगी
डोटासरा ने कहा कि भले ही जयपुर जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा ने षड़यंत्र रचकर हमारे दो साथियों को अपने पक्ष में करके जिला प्रमुख बनवा दिया हो लेकिन आने वाले 6 जिलों के पंचायत चुनाव और 2 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में जनता भाजपा के षड़यंत्र को बेनकाब करके उन्हें सबक सिखाएगी।

डोटासरा ने प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया पर निशाना साधते हुए कहा कि सतीश पूनिया जिस तरह से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर ओछी टिप्पणी कर रहे हैं यह किसी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तो दूर की बात किसी सामान्य कार्यकर्ता को भी शोभा नहीं देती है।

उन्होंने कहा कि सतीश पूनिया जयपुर जिला प्रमुख के चुनाव में षड़यंत्र रच कर जिला प्रमुख बनाने और अपने विधानसभा क्षेत्र में 2 पंचायतों में जोड़-तोड़ के जरिए प्रधान बनाने से भले खुश हो लेकिन उनकी खुशी ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है।

78 में से 50 प्रधान कांग्रेस पार्टी के
उन्होंने कहा कि 6 जिलों के 78 प्रधान बने हैं जिनमें से 50 प्रधान कांग्रेस पार्टी के बने हैं। 25 प्रधान भाजपा के बने हैं और तीन निर्दलीय हैं। उन्होंने कहा कि भरतपुर में 12 में से 10 कांग्रेस के प्रधान बने हैं। दौसा में 11 में से 10 कांग्रेस के, जयपुर में 22 में से 13 कांग्रेस, जोधपुर में 21 से 12 कांग्रेस के प्रधान बने हैं। वही 6 में से 4 जिला परिषदों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत था जबकि भाजपा को केवल सिरोही जिले में बहुमत था और भरतपुर में यह बढ़त बनाए हुए थे।

गौरतलब है कि जयपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीती रमा देवी अचानक सोमवार सुबह भाजपा में शामिल हो गईं जिस पर भाजपा ने उन्हें अपना जिला प्रमुख का उम्मीदवार घोषित कर दिया था। वहीं मतदान के दौरान कांग्रेस पार्टी के ही एक और जिला परिषद सदस्य ने भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग कर दी थी जिससे जयपुर जिले में जिला प्रमुख भाजपा का बन गया।