Badshah Titri song: बादशाह के एक गाने पर बवाल मचा हुआ है. उनकी तरफ से उनके वकील अक्षय दहिया आयोग के सामने पेश हुए और उनका पक्ष रखा. वकील ने बताया कि गाने को लेकर हुई गलती पर बादशाह पहले ही सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं. मशहूर रैपर सिंगर Badshah बुरी तरह फंस गए हैं. ‘टटीरी’ गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद उनकी मुश्किलें बढ़ा रहा है. इसी कड़ी में हरियाणा महिला आयोग ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं. आयोग की अध्यक्ष Renu Bhatia ने पंचकूला और पानीपत के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं कि बादशाह को गिरफ्तार किया जाए और उनका पासपोर्ट भी जब्त किया जाए.
तय समय पर उपस्थित नहीं हुए
असल में हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को शुक्रवार को आयोग के सामने पेश होने के लिए नोटिस भेजा था. मगर तय समय पर वह उपस्थित नहीं हुए. इसके बाद आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए. आयोग की ओर से कहा गया है कि जब तक मामला साफ नहीं हो जाता तब तक हरियाणा में बादशाह का कोई शो या कार्यक्रम आयोजित नहीं होने दिया जाएगा.
महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करने को कहा है. साथ ही यह भी बताया कि राज्य भर के संबंधित अधिकारियों को नोटिस भेजे गए हैं ताकि कहीं भी बादशाह का कार्यक्रम आयोजित न हो सके. इस मामले में उत्तराखंड महिला आयोग भी हरियाणा महिला आयोग का सहयोग करेगा.
सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं
उधर इससे पहले बादशाह की ओर से उनके वकील अक्षय दहिया आयोग के सामने पेश हुए और उनका पक्ष रखा. वकील ने बताया कि गाने को लेकर हुई गलती पर बादशाह पहले ही सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं. उनके अनुसार पहले से तय कार्यक्रम होने के कारण बादशाह आयोग के सामने पेश नहीं हो पाए. इसलिए उनकी ओर से वह उपस्थित हुए.
इस पूरे विवाद की शुरुआत हाल ही में जारी ‘टटीरी’ गाने से हुई थी. इसमें महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगा. बताया गया कि गाने की शूटिंग हरियाणा रोडवेज की बस पर की गई थी और इसके लिए जरूरी अनुमति भी नहीं ली गई थी. मामले को लेकर पंचकूला में केस दर्ज किया गया था. विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने गाने को सभी प्लेटफॉर्म से हटा दिया और सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांगी. मगर फिलहाल आयोग के सामने तय तारीख पर पेश न होने के बाद अब उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं.