नई दिल्ली. विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई थी. इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था. यह एक ऐतिहासिक एक्शन फिल्म है. यह फिल्म मराठा साम्राज्य के द्वितीय छत्रपति सम्भाजी के जीवन पर आधारित है, जिनकी भुमिका विक्की कौशल ने निभाई है.
फिल्म ‘छावा’ शिवाजी सावंत के मराठी उपन्यास ‘छावा’ का रूपांतरण है जिसे लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित किया गया है. फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स के तहत दिनेश विजान द्वारा किया गया है. फिल्म में रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना भी मुख्य भूमिकाओं में हैं.
IMDB के अनुसार, फिल्म ‘छावा’ को बनाने में मेकर्स के 150 करोड़ रुपये खर्च हुए थे और इसने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर कुल 808.7 करोड़ की कमाई करने में सफल रही थी. यह 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली लिस्ट में नंबर वन पर थी, लेकिन अब ‘छावा’ का ये रिकॉर्ड टूट चुका है.
जी हां, ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा 2’ कमाई के मामले में ‘छावा’ से आगे निकल चुकी है. वर्ल्डवाइड 840.2 करोड़ की कमाई के साथ ‘कांतारा 2’ अब 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है.
बता दें, ‘कांतारा: चैप्टर 1’ कन्नड़ भाषा की महाकाव्य पौराणिक एक्शन फिल्म है, जो हिंदी में भी मौजूद है और अब इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी देख सकते हैं. ओटीटी पर भी रिलीज के साथ इस फिल्म ने हंगामा मचाया दिया है. यह नेटफ्लिक्स पर टॉप ट्रेंड कर रही है.
इस फिल्म में ऋषभ शेट्टी न सिर्फ लीड एक्टर हैं, बल्कि उन्होंने इस फिल्म को लिखा और निर्देशित भी किया है. यह फिल्म होम्बले फिल्म्स के तहत विजय किरागंदूर और चालुवे गौड़ा द्वारा निर्मित है.
इस फिल्म में ऋषभ शेट्टी के साथ जयराम, रुक्मिणी वसंत और गुलशन देवैया भी हैं. यह 2022 की फिल्म कंतारा की प्रीक्वल है. यह कहानी पहली फिल्म में शुरू की गई परंपरा और पैतृक संघर्ष की उत्पत्ति में गहराई से उतरती है.