बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग शुरू हो गई है। बिहार में आज लोकतंत्र का सबसे बड़ा जश्न मनाया जा रहा है। सख्त सुरक्षा इंतजामों के बीच पहले चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होकर और शाम 6 बजे तक चलेगी। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुनने के लिए घरों से निकल रहे हैं। पटना समेत राज्यभर में कुल 45,341 बूथ बनाए गए हैं, जहां 3 करोड़ 75 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 122 महिला उम्मीदवार समेत कुल 1,314 प्रत्याशियों का भविष्य आज ईवीएम में कैद होगा।
वोटिंग को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आयोग की ओर से संवेदनशील माने गए बूथों पर वेबकास्टिंग से नजर रखी जा रही है। मुंगेर, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर और जमालपुर जैसे इलाकों में शाम 5 बजे तक ही मतदान होगा। मतदाता ईपिक कार्ड के अलावा 12 और वैध पहचान पत्रों से वोट डाल सकते हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना स्थित अपने आवास से मतदान करने के लिए रवाना हुए। वे बख्तियारपुर के मंजू सिन्हा प्रोजेक्ट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में अपने मतदान केंद्र पर वोट डालेंगे। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और सीएम के पहुंचने से पहले प्रशासन ने तैयारी पुख्ता कर ली है।
सुबह 9 बजे तक बिहार चुनाव में 13.13% मतदान, पहले चरण में वोटिंग जारी Bihar Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदान जारी है और सुबह 9 बजे तक लगभग 13.13% वोटिंग दर्ज की गई। राज्य के कई जिलों में मतदाता उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, मतदान प्रतिशत में तेजी आने की उम्मीद है।
Chunav Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सीवान के राघुनाथपुर सीट से पूर्व विधायक और आरजेडी नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना साहब मतदान केंद्र पर पहुंचीं और कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। उन्होंने कहा कि वोट डालना हर नागरिक का अधिकार है और यह वोट बिहार की किस्मत बदलने वाला है। हिना साहब ने भरोसा जताया कि राघुनाथपुर की जनता उनका पूरा समर्थन करेगी और बदलाव के लिए मतदान करेगी।
Polling Phase 1 LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सहरसा के कई मतदान केंद्रों पर EVM और VVPAT मशीन में तकनीकी खराबी के कारण वोटिंग में देरी हुई। इसके चलते सुबह से ही मतदान के लिए पहुंचे मतदाताओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। मतदान अधिकारी मशीनों को दुरुस्त करने में जुटे हैं ताकि वोटिंग सुचारु रूप से शुरू हो सके।
बिहार चुनाव के बीच पटना में आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव के महुआ से चुनाव लड़ने पर कहा कि उनके भाई होने के नाते उनका आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने कहा, “क्या आप अपने भाई-बहनों को आशीर्वाद नहीं देते?” रोहिणी आचार्य ने दावा किया कि इस बार बिहार से बेरोजगारी खत्म होने जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में रोजगार के लिए दर-दर भटकने वाले युवाओं को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा और 8 दिनों के भीतर बिहार में ही रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
पटना में मतदान करने के बाद आरजेडी नेता और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव ने बिहारवासियों से बड़ी संख्या में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने वर्तमान और भविष्य को ध्यान में रखते हुए मतदान करें और रोजगार, शिक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दें। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि महागठबंधन की जीत तय है और 14 नवंबर को राज्य में नई सरकार बनेगी।
पटना में पहले चरण की वोटिंग के दौरान एक मतदान केंद्र पर मतदाता अनुपमा शर्मा ने आरोप लगाया कि उन्हें वोट डालने की अनुमति नहीं दी गई। एएनाई से अनुपमा ने बताया कि सूची में नाम होने और पहचान पत्र मौजूद होने के बावजूद अधिकारियों ने स्लिप न होने का हवाला देकर मतदान से रोक दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें 5 मिनट इंतजार करने को कहा गया, लेकिन ऐसी दिक्कत पहली बार सामने आई है। घटना के बाद महिला ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि अब वह वोट नहीं डालेंगी।
पटना में आरजेडी नेता और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री यादव के साथ
मतदान केंद्र पहुंचे और पहले चरण के तहत अपना वोट डाला। पटना के वेटनरी कॉलेज में बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने भी वोटा डाला है।
लखीसराय में बिहार के उपमुख्यमंत्री और इसी सीट से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा ने पहले चरण के मतदान के तहत अपना वोट डाला। मतदान केंद्र पर पहुंचकर उन्होंने कतार में खड़े होकर मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया। वोट डालने के बाद डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर मतदाता को मतदान अवश्य करना चाहिए और बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
बिहार सरकार के मंत्री और बांकीपुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार नितिन नवीन ने आज सुबह अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सबसे पहले वोट डालने का दावा किया। मतदान के बाद उन्होंने पटना के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोग घरों से निकलें और अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। उन्होंने कहा कि पटना के लोग रिकॉर्ड बनाते हुए इस बार सबसे ज्यादा वोटिंग प्रतिशत दर्ज कराएं।
लखीसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़हिया के मध्य विद्यालय बड़हिया नंबर-2 स्थित मतदान केंद्र संख्या 43 के पूर्वी भाग पर पहुंचकर अपना मतदान किया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और गिरिराज सिंह समय से पहले ही केंद्र पर पहुंचकर लाइन में खड़े होकर वोट डालने वाले पहले मतदाता बने। उनके मतदान के साथ ही केंद्र पर वोटिंग प्रक्रिया की शुरुआत हुई।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हो गई है और शाम 6 बजे तक चलेगी। 18 जिलों की 121 सीटों पर सख्त सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। राज्यभर में 45,341 बूथों पर 3 करोड़ 75 लाख से ज्यादा मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं। इस चरण में कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 122 महिलाएं भी शामिल हैं। वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह साफ दिख रहा है और लोग सुबह से ही घरों से निकलकर मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग शुरू होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि आज बिहार में लोकतंत्र के उत्सव का पहला चरण है और सभी मतदाता पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। उन्होंने विशेष तौर पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को बधाई देते हुए संदेश दिया, “पहले मतदान, फिर जलपान।” पीएम मोदी की इस अपील के बाद सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की हलचल तेज होती दिख रही है।
यदि किसी मतदाता के पास वोटर ID कार्ड (EPIC) नहीं है तो चिंता की बात नहीं। चुनाव आयोग ने मतदान के लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेजों को मान्यता दी है। इनमें आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड, बैंक/डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, आयुष्मान कार्ड, पेंशन दस्तावेज, NPR स्मार्ट कार्ड और सरकारी फोटोयुक्त पहचान पत्र शामिल हैं। इससे यह सुनिश्चित होगा कि हर योग्य मतदाता बिना किसी बाधा के वोट डाल सके।
चुनाव आयोग ने मतदाताओं को राहत देते हुए मतदान केंद्रों तक निजी वाहन से जाने की अनुमति दी है। निजी वाहनों के परिचालन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। राजनीतिक दल बूथ के बाहर 100 मीटर की दूरी पर पर्ची वितरण शिविर लगा सकेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र भवन में एक मतदाता सहायता कक्ष बनाया गया है, ताकि लोगों को नाम और बूथ की जानकारी आसानी से मिल सके।