करिश्मा कपूर के बच्चे दिल्ली हाईकोर्ट क्यों पहुंचे? सौतेली मां के खिलाफ खटखटाया दरवाजा

Karisma Kapoor Children: पिछले दिनों बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड संजय कपूर का निधन हुआ. हालांकि बहुत पहले से ही इनके दोनों बच्चों कियान राज कपूर और बेटी समायरा कपूर करिश्मा के पास ही रह रहे हैं. अब उनका परिवार प्रॉपर्टी को लेकर चर्चा में है. हुआ यह है कि इन दोनों बच्चों ने अपनी सौतेली मां प्रिया कपूर पर आरोप लगाते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उनका कहना है कि प्रिया कपूर ने संपत्ति में हेरफेर किया है और वे अपने पिता की संपत्ति में हिस्सेदारी चाहते हैं.

संजय कपूर की वसीयत में धोखाधड़ी?
असल में जानकारी के मुताबिक कियान और समायरा ने अदालत में याचिका दायर कर कहा है कि प्रिया कपूर ने संजय कपूर की वसीयत में धोखाधड़ी की है. बच्चों का आरोप है कि वसीयत असली नहीं बल्कि जाली है. इतना ही नहीं उन्हें अब तक वसीयत की मूल कॉपी भी नहीं दिखाई गई. उन्होंने 21 मार्च 2025 की तारीख वाली वसीयत को फर्जी करार देते हुए अदालत से अपील की है कि जब तक विवाद का निपटारा नहीं हो जाता तब तक संपत्तियों को फ्रीज कर दिया जाए.

प्रिया कपूर पर पहले भी लग चुके हैं आरोप
उधर इस मामले में संजय कपूर की बहन मंधीरा कपूर भी पहले ही प्रिया कपूर पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं. मंधीरा का कहना है कि उनके परिवार की मुश्किल घड़ी में प्रिया ने उनकी मां को बंद कमरे में कागजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया. उनकी मां ने बाद में खुद बताया कि उन्हें पता ही नहीं था कि उन्होंने किस दस्तावेज पर साइन किए हैं. मंधीरा का कहना है कि दो बार ऐसा हुआ लेकिन अब तक उन्हें कोई क्लियर जवाब नहीं मिला.

करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति
मालूम हो कि संजय कपूर एक बड़े बिजनेसमैन थे और उनके पास करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति थी. अब इसी संपत्ति के बंटवारे को लेकर कानूनी लड़ाई छिड़ गई है. करिश्मा के बच्चे कियान और समायरा का कहना है कि प्रिया कपूर उन्हें गलत तरीके से पिता की संपत्ति से बेदखल करना चाहती हैं. अब देखना होगा कि इस मामले में हाईकोर्ट क्या फैसला करता है.