अभी अभीः भाजपाईयों को रोकते किसानों पर भीषण लाठीचार्ज, कई घायल, पूरा हरियाणा जाम-देंखे तस्वीरें और वीडियो

इस खबर को शेयर करें


करनाल। हरियाणा में भाजपा नेताओं को मीटिंग में जाने से रोकने की कोशिश कर रहे किसानों पर शनिवार को लाठीचार्ज किया गया है। करनाल में घरौंडा के पास बसताड़ा टोल प्लाजा पर पुलिस ने किसानों पर लाठियां भांजी। क्योंकि किसानों ने भाजपा नेताओं को रोकने की योजना बनाते हुए टोल की दो-दो क्रॉसिंग छोड़कर बाकी को बंद कर दिया था। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने, इसके बाद ये हालात बने। लाठीचार्ज में कई किसानों के सिर फूटे और खून बहा। वहीं पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए किसान खेतों में भाग गए। उधर लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, रोहतक, अंबाला, करनाल, पानीपत, सोनीपत समेत प्रदेश के अन्य कई जिलों में हाईवे और टोल जाम कर दिए हैं।

भाजपा संगठन की बैठक चल रही करनाल में

बता दें कि शनिवार को करनाल शहर में भाजपा की संगठनात्मक बैठक थी। इस कारण करनाल पुलिस और प्रशासन ने शहर में एंट्री के सभी प्वॉइंट बंद कर रखे हैं। इसलिए किसान मीटिंग और भाजपा नेताओं का विरोध करने के लिए शहर के अंदर नहीं घुस पाए। किसानों ने शहर में कूच करना चाहा, लेकिन पुलिस ने उन्हें घुसने ही नहीं दिया। इसके बाद किसानों ने नेताओं को वहीं टोल पर रोकने की तैयारी कर ली। इस दौरान किसानों को रोकते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

डीसी बोले- किसानों को आराम से प्रदर्शन करना चाहिए था
करनाल के डीसी निशांत यादव ने बताया कि किसानों ने सुबह एक बार करनाल की तरफ बढ़ना चाहा था। उन्होंने कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे को भी जाम कर दिया था। किसानों से बात करने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस के अधिकारी गए थे, क्योंकि लोगों को हाईवे जाम होने से परेशानी हो रही थी। किसानों को आराम से प्रदर्शन करना चाहिए था।

जब किसान नहीं माने तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग किया। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों और किसानों को चोटें आईं। किसानों से अपील है कि वे आराम से बैठकर विरोध करें। हाईवे पर यातायात में बाधा डालने वालों को सहन नहीं किया जाएगा।

करनाल में भाजपा की विशेष बैठक जारी:एंट्री बंद होने से विरोध करने नहीं पहुंच पाए किसान; CM कर रहे मीटिंग की अध्यक्षता, सांसद-विधायक और जिलाध्यक्ष मौजूद

चढ़ूनी का आह्वान- जाम कर दो सड़कें और टोल
किसानों पर लाठीचार्ज से गुस्साए भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि पुलिस ने करनाल में किसानों का प्रवेश बंद कर दिया। बसताड़ा टोल पर किसानों पर लाठीचार्ज करके उन्हें घायल कर दिया है, जो सरासर गलत है। मेरी किसानों से अपील है कि लाठीचार्ज के विरोध में वे जहां-जहां भी संभव हो सके सड़कों पर जाम लगा दो। आगे के आदेश तक जाम लगाकर रखो। टोल पर भी जाम लगाया जाना चाहिए।

किसानों ने शुरू किए हाईवे जाम करने
वहीं चढ़ूनी के आह्वान पर हिसार-दिल्ली हाईवे पर किसानों ने रामायण टोल जाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। पुलिस ने वाहनों को खरड़ व रामायण की तरफ डाइवर्ट करना शुरू किया है। सिरसा में किसानों ने बरनाला रोड पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और रणजीत चौटाला के घर के पास स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया है।

अंबाला में किसानों ने अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आनन-फानन में पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। करनाल में जींद चौक, बसताड़ा टोल, निसिंग और जलमाना गांव में जाम लगा दिया है। रोहतक में मकड़ौली टोल पर किसानों ने जाम लगाया। नरवाना में बद्दोवाल टोल प्लाजा भी किसानों ने जाम कर दिया है। जिले कैथल के NH-152 पर तितरम मोड़, कैथल से चीका मार्ग पर भागल गांव, पटियाला मार्ग पर हांसी-बुटाना नहर पर चीका में किसानों ने जाम लगाया।

फतेहाबाद के ढाणी गोपाल चौक पर किसानों ने रोड जाम किया। जींद-करनाल हाईवे भी जाम किया गया। अलेवा में किसानों ने जाम लगाया। भिवानी में कितलाना टोल पर किसानों ने जाम लगाया। सिरसा में किसानों ने रोड जाम करने शुरू किए। फतेहाबाद में नेशनल हाईवे-9 बायपास पर किसानों ने लगाया जाम। रतिया में बुढलाडा रोड को किसानों ने जाम किया।

पुलिस लाठीचार्ज से हरियाणा में किसान आगबबूला, देखिए तस्वीरें:करनाल में बसताड़ा टोल प्लाजा पर बहा खून, चढ़ूनी के आह्वान पर प्रदेशभर में हाईवे और सड़कों पर लगाया जा रहा जाम

नेताओं को दिखाए थे काले झंडे
कृषि कानून के विरोध में किसान लगातार भाजपा नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। सुबह भी किसानों ने सताड़ा टोल प्लाजा पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का विरोध किया था। किसानों ने नारेबाजी करते हुए काले झंडे दिखाए। पुलिस ने हाईवे पर ही किसानों को रोका हुआ है। शहर में जगह-जगह नाकेबंदी की हुई है। 30 से ज्यादा जगहों पर नाके लगे हैं। जिसकी वजह से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।

बाइक भी नहीं जाने दी गई

ढांड से आने वाले वाहनों को काछवा पुल पर शहर से डेढ़ किलोमीटर पहले ही रोका गया है। कैथल की बसों को वाया सीतामाई तरावड़ी होते हुए भेजा जा रहा है। चिड़ाव मोड़ से आगे तक असंध-कैथल बसों को आने दिया जा रहा है। बाइकों को भी अंदर नहीं आने दिया जा रहा है।

बैठक में ये सभी नेता मौजूद
प्रेम प्लाजा में चल रही बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल का फूल-गुलदस्तों के साथ मेयर रेणुबाला गुप्ता ने स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। फिर वंदे मातरम के गान के साथ बैठक शुरू हुई।