मुजफ्फरनगर में छेड़छाड़ के विरोध पर फायरिंग, मच गया हडकंप, 3 को लगी गोली

Firing on protest against molestation in Muzaffarnagar, there was a stir, 3 got shot
Firing on protest against molestation in Muzaffarnagar, there was a stir, 3 got shot
इस खबर को शेयर करें

मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें परिवार के तीन लोगों को गोली लग गई। परिजन घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां दो की हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दरअसल, मोहल्ले के लड़कों ने युवती से छेड़छाड़ की। इस पर युवती ने तीन लोगों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इससे गुस्साए लड़का आठ से दस लोगों को लेकर युवती के घर पहुंचा और बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद फायरिंग कर दी। इससे घर में मौजूद युवती के तीनों चाचा को गोली लग गई। बताया जा रहा है कि आरोपी 4-5 राउंड फायर कर फरार हो गए। घटना नई मंडी कोतवाली के मुस्तफाबाद पचैंडा गांव की है।

युवती का आरोप है कि 8 अक्टूबर को वह डेयरी से दूध लेकर लौट रही थी। उसके पड़ोसी नावेज और आशु मोहम्मद अली ने उसके साथ छेड़छाड़ की। गंदी नजरों से उसे घूरा। अश्लील भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर उसका पीछा किया। शिकायत करने पर आरोपी नावेज के बड़े भाई सहराज ने घर पर आकर जान से मारने की धमकी दी। रविवार को तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

आरोपियों ने घर को घेरकर की फायरिंग
पीड़िता ने बताया कि छेड़छाड़ की घटना की शिकायत पुलिस से करने पर आरोपी उसके घर पहुंच गए। आरोपियों व उनके साथ आए रिश्तेदारों ने उनके घर को घेर लिया। बाहर से ताला लगा दिया, जिससे वह वहां से भाग नहीं सके। फिर फायरिंग की गई।

बदमाशों की गोलियां लगने से उसके तीन चाचा घायल हो गए। उसके चाचा नौशाद के सिर में गोली लगी है। जबकि दूसरे चाचा सद्दाम की आंख में गोली लगी। तीसरे चाचा रिजवान की कमर में भी गोली लगी। नौशाद और सद्दाम को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सीओ नई मंडी हिमांशु गौरव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की और से अभी तहरीर नहीं आई है। मौखिक रूप से आरोपियों के नाम बताए गए थे। उनके आधार पर आशु, नावेज, शहराज और मोहम्मद अली को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। दोंनो पक्ष में पहले से मुकदमेबाजी चल रही है। प्रॉपर्टी विवाद भी सामने आया है। जो लोग घायल हुए हैं सभी खतरे से बाहर हैं।