उत्तराखंड के नए मंत्रिमंडल में 10वीं पास से लेकर पीएचडी तक, जानिए कौन कितने पढ़े-लिखे

इस खबर को शेयर करें

देहरादून: प्रदेश के नए मंत्रिमंडल में इस बार 10वीं पास से लेकर पीएचडी तक के मंत्री शामिल हैं। सभी मंत्री करोड़पति हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की ओर से यह रिपोर्ट जारी की गई है। एडीआर उत्तराखंड इलेक्शन वॉच के मुताबिक मुख्यमंत्री सहित उत्तराखंड के सभी आठ कैबिनेट मंत्री भी करोड़पति हैं। सीएम सहित सभी मंत्रियों की औसतन सम्पत्ति 16 करोड़ रुपये है।

सबसे अधिकतम 87.34 करोड़ संपत्ति घोषित करने वाले मंत्री सतपाल महाराज हैं। सबसे कम 1.24 करोड़ संपत्ति घोषित करने वाले मंत्री चंदन राम दास हैं। देनदारी के मामले में मंत्री सुबोध उनियाल की सर्वाधिक एक करोड़ तीन लाख की देनदारी है। शपथपत्र के हिसाब से गणेश जोशी 10वीं पास, सतपाल महाराज 12वीं पास हैं।

सौरभ बहुगुणा ग्रेजुएशन प्रोफेशनल कोर्स धारक हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी, मंत्री रेखा आर्य, मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और सुबोध उनियाल पोस्ट ग्रेजुएट हैं। चंदन राम दास ग्रेजुएट हैं। डॉ. धन सिंह रावत पीएचडी धारक हैं। एडीआर के राज्य समन्वयक मनोज ध्यानी ने बताया कि यह सभी जानकारी चुनाव नामांकन में दिए गए शपथ पत्रों के विश्लेषण के आधार पर सामने आई है।