हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज बोले- पाकिस्तान से आ रहा RDX, पुलिस पूरी तरह चौकस

Haryana Home Minister Anil Vij said – RDX coming from Pakistan, police fully alert
Haryana Home Minister Anil Vij said – RDX coming from Pakistan, police fully alert
इस खबर को शेयर करें

चंडीगढ़। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि हरियाणा में आरडीएक्स पहुंचाने की गतिविधियां पाकिस्तान से संचालित हो रही हैं। कुछ दिन पहले अंबाला के सद्दोपुर में भारी मात्रा में आरडीएक्स मिला और फिर करनाल में गाड़ी से हथियार और बारूद बरामद किया। अब कैथल में भी आरडीएक्स पकड़ा गया। इसमें पाकिस्तान का हाथ है। विधायकों को धमकी से जुड़ा मामला भी पाकिस्तान से जुड़ा पाया गया था।

पत्रकारों से गत दिवस बातचीत में गृह मंत्री अनिल विज ने हरियाणा पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि हमारी पुलिस पूरी तरह से चौकस है। तभी ऐसे मामलों को समय रहते पता लगाकर विस्फोटक सामग्री को बरामद किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठाते हुए विज ने कहा कि भारत को तोड़ना कांग्रेस के डीएनए में शामिल है। कांग्रेस ने सन 1947 में देश का विभाजन करवाया जिससे पौने दो करोड़ लोग विस्थापित हुए और लगभग एक लाख लोगों का बलिदान हुआ। सन् 1984 में सिख दंगे कराए जिससे 3400 लोगों का बलिदान हुआ। अब जब भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई तो लगा था कि ये अपनी गलती का प्रायश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन तीन-चार दिन की यात्रा में ही इन्होंने अपनी मंशा जाहिर कर दी।

अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस ने जलते हुए कपड़ों पर ट्वीट करके बता दिया कि बस 145 दिन और। इसका मतलब कि 145 दिन के बाद तुम देश में आग लगा दोगे। उन्होंने कहा कि लोग अब लोग समझ चुके हैं। यह नया भारत है। अब इनके मंसूबे या किसी भी देशद्रोही के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देंगे। यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं, भारत तोड़ो यात्रा है।