हरियाणा के 12 शहरों में तापमान 10°C से नीचे:6 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, राजस्थान से सटे इलाकों में ठंड और बढ़ेगी

हिसार: हरियाणा में आज (बुधवार) और कल यानी वीरवार, दो दिन शीतलहर चल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजस्थान से सटे 6 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी और नारनौल में आज और कल तक तापमान में गिरावट और शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है।

पहाड़ों से मैदानों की ओर चल रही सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मंगलवार को अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान दोनों में औसत से 0.6 °C की गिरावट देखने को मिली।

नारनौल में सबसे कम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस, महेंद्रगढ़ में 5.8 डिग्री, सोनीपत में 5.9 डिग्री, हिसार में 6.3 डिग्री और सिरसा में तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज के आसपास अधिकतम तापमान सबसे कम 20.6 °C दर्ज किया गया है। भिवानी 26.9 °C तापमान दर्ज किया गया जो सबसे ज्यादा रहा।

12 जिलों में 10 डिग्री से नीचे तापमान न्यूनतम तापमान में गिरावट की बात करें तो 12 जिलों में यह तापमान 10 °C से नीचे रहा। जिससे लोगों की कंपकंपी छूट गई। नारनौल, महेंद्रगढ़,सोनीपत, हिसार, सिरसा, रोहतक, पंचकूला, गुरुग्राम, करनाल, फरीदाबाद, कैथल और नूंह जिले शामिल हैं। अंबाला में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री। वहीं भिवानी में न्यूनतम पारा 13 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है।

12 दिसंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस देगा दस्तक चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील संभावित है। वहीं उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है, जिससे ठंड भी बढ़ सकती है। लेकिन 12 दिसंबर से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस दस्तक देगा जिससे अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।