हरियाणा के जींद में 10 पुलिस कर्मचारी सस्पेंड, पराली जलाने के मामलों पर गंभीर नहीं थे, एसपी ने लिया एक्शन

जींद. हरियाणा के जींद जिले में एसपी ने बड़ा एक्शन लिया है. यहां पर पराली जलाने के मामलों में इजाफा होने के बाद एसपी जींद ने 10 पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया. ये सभी कर्मचारी पराली जलाने के मामलों के लेकर गंभीर नहीं थे.
जींद पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला जींद पुलिस की ओर से कड़े कदम उठाए जा रहे हैं. एसपी जींद कुलदीप सिंह के स्पष्ट निर्देशों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 10 पुलिस कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है. पर्यावरण सुरक्षा जैसे संवेदनशील मामले में पुलिस की जिम्मेदारी किसी भी स्तर पर ढील बर्दाश्त नहीं करती, इसी कारण सख्त कार्रवाई की गई है.

गौरतलब है कि हाल ही में बीट क्षेत्र में पराली जलाने के मामले सामने आए थे. पहले भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया था. थाना उचाना, थाना गढ़ी और अन्य थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें पिछले कई दिनों से गांव-गांव जाकर किसानों को समझा रही थीं और इसके बावजूद कुछ स्थानों पर पराली जलाने की घटनाएँ सामने आने पर यह निर्णय लिया गया.

एसपी जींद कुलदीप सिंह ने स्पष्ट कहा है कि भविष्य में किसी भी कर्मचारी द्वारा ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पराली जलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी बिना किसी रियायत के कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. जिला जींद पुलिस की प्राथमिकता पर्यावरण संरक्षण, जन सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है. पराली जलाना न केवल पर्यावरण को नुक़सान पहुंचाता है बल्कि यह दंडनीय अपराध भी है. जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि पर्यावरण बचाने के इस प्रयास में सहयोग करें और पराली जलाने से परहेज़ रखें.

जींद सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में है
गौरतलब है कि हरियाणा का जींद शहर देश के सबरे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में टॉप पर बना हुआ है. यहां पर पांचवीं तक की कक्षाएं ऑनलाइन लगाने के आदेश दिए गए हैं.