हरियाणा निकाय चुनाव में 54.2 प्रतिशत हुआ मतदान, 13 मई को होगी वोटों की गिनती

Haryana Nikay Chunav Voting: हरियाणा में 7 नगर निकायों के लिए आज मतदान हो रहा है। कुल 8.71 लाख मतदाता 614 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद करेंगे। अंबाला शहर में बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है। सोनीपत और पंचकूला में बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने हैं। उकलाना में बीजेप और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर है, जहां युवा मतदाता अहम भूमिका निभा सकते हैं। सांपला और धारूहेड़ा में निर्दलीय उम्मीदवारों ने मुकाबले को बहुकोणीय बना दिया है। रेवाड़ी नगर परिषद में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी भिड़ंत है। चुनाव में बीजेपी ने पूरी ताकत झोंकी है, जबकि कांग्रेस ने भी कड़ी चुनौती पेश की है।

किसके बीच है मुकाबला?
माना जा रहा है कि नगर निकाय चुनावों में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है। मतदान के मद्देनजर पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्थानीय निकायों के लिए 8.73 लाख पात्र मतदाता हैं और मतदान के लिए कुल 817 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनता से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की थी।

हरियाणा निकाय चुनाव में 54.2 फीसदी मतदान
हरियाणा में रविवार को अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों सहित स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान शाम छह बजे समाप्त हो गया। चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 54.2 फीसदी मतदान दर्ज किया। हालांकि अंतिम आंकड़े अभी तक जारी नहीं किए गए हैं। वोटों की गिनती 13 मई को होगी। दरअसल अंबाला, पंचकूला और सोनीपत के तीन नगर निगमों (एमसी) में महापौर और वार्ड पार्षदों के चुनाव के लिए, रेवाड़ी नगर परिषद में अध्यक्ष और पार्षदों के चुनाव के लिए और रोहतक जिले के सांपला, रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा और हिसार जिले के उकलाना की नगर समितियों में अध्यक्षों और पार्षदों के चुनाव के लिए मतदान हुआ। इसके अलावा टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, कनीना और साढौरा में नगर परिषदों और नगर समितियों के एक-एक वार्ड के लिए उपचुनाव हुआ है।