आजकल सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल हो रही है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं. हरियाणा के करनाल शहर में एक मामला सामने आया है, जिसने पेट्रोल पंप की सच्चाई पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. यह पूरी घटना हरियाणा के करनाल जिले की है, जहां जीटी रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के दौरान एक BMW कार मालिक को कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसने उसे हैरान कर दिया है. इसके बाद यह मामला लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों के होश उड़ गए हैं.
क्या है वायरल खबर?
घटना करनाल के GT रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप की है. एक व्यक्ति अपनी अपनी BMW कार में डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा. उन्होंने वहां काम कर रहे कर्मचारी से कहा कि टंकी फुल कर दो. जब तेल भर गया, तो कर्मचारी ने उन्हें एक पर्ची थमा दी. उस पर्ची में लिखा था कि उनकी कार में 76.70 लीटर डीजल डाला गया है. यह देखकर कार मालिक चौंक गए. उन्होंने तुरंत सवाल किया कि मेरी कार की टंकी की क्षमता तो सिर्फ 70 लीटर है, तो इसमें 76 लीटर कैसे डल गया. लेकिन मामला इतना आसान नहीं था, पेट्रोल पंप कर्मचारी न सिर्फ अपनी गलती मानने को तैयार नहीं थे, बल्कि बहस पर उतर आए. बात इतनी बढ़ी कि पुलिस को बुलाना पड़ा.
सोशल मीडिया पर आई कमेंट्स की बाढ़
इस पूरे मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है. लोग कमेंट करके पूछ रहे हैं कि क्या पेट्रोल पंप वाले अब खुलेआम ठगी कर रहे हैं, क्या सरकारी जांच एजेंसियां इस पर कोई सख्त कदम उठाएंगी. वहीं X, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर इस घटना को लेकर जबरदस्त बहस छिड़ गई. किसी ने लिखा ये तो गजब की फिजिक्स है, 70 लीटर की टंकी में 76 लीटर कैसे आ गया. तो एक यूजर ने कहा कि ये तो सीधी सी चोरी है, ऊपर से कर्मचारियों की बदतमीजी अलग.