झज्जर: हरियाणा के जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के गांव बरानी में स्थित बीडीएम नर्सिंग स्कूल संचालक अमरजीत फोगाट का बेटा हुनरजीत गांव में मेन चौक के पास अन्य बच्चों के साथ होली खेल रहा था। परिजनों का आरोप है कि करीब 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उसे सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने गाड़ी को रोकने का प्रयास भी किया। आरोप है कि इसके बावजूद चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में की नाकाबंदी
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही इज्जर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और संदिग्ध वाहन की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की। इस दौरान गांव की गलियों से गुजरती एक सफेद स्कॉर्पियो की वीडियो भी सामने आई है। पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर वाहन की तलाश तेज कर दी।
बच्चे को सुरक्षित बरामद किया
पुलिस ने लगातार तलाश के बाद देर शाम रोहतक क्षेत्र से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फिलहाल फिरौती या अन्य किसी कॉल की सूचना नहीं मिली है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा। वहीं बच्चे के परिजन इस घटना के बाद काफी डरे हुए हैं। वो इस बात से परेशान है कि आखिर उनके बच्चों को कौन अपने साथ लेकर गया और इसके पीछे का कारण क्या है।