हरियाणा में कबाड़ी की दुकान पर जोरदार धमाका, एक युवक की मौत, दूसरा PGI में भर्ती, मचा हड़कंप

यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले के प्रतापनगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बल्लेवाला मार्केट में स्थित एक कबाड़ी की दुकान में अचानक जोरदार धमाका हो गया। पलभर में शांत बाजार चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया। बुधवार रात हुए इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जो अब पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। कबाड़ी की दुकान में हुए रहस्यमय धमाके ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर खुले में भारी मात्रा में लोहे का कबाड़, मशीनों के पुर्जे और अन्य संदिग्ध सामान रखा हुआ था। फिलहाल धमाके की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ठंड से बचने के लिए दोनों युवक अलाव जलाकर बैठे थे
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवक ठंड से बचने के लिए कबाड़ के पास आग जलाकर हाथ सेक रहे थे। इसी दौरान आग की चिंगारी कबाड़ के ढेर में चली गई। मौके पर कंप्रेसर, कैपेसिटर और अन्य ज्वलनशील सामान मौजूद था, जो आग के संपर्क में आते ही विस्फोट का कारण बना। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि उसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए। कुछ देर के लिए पूरे बाजार में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

रास्ते में बुझ गई एक जिंदगी
धमाके के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दोनों युवक बुरी तरह झुलस चुके थे। आसपास के लोगों ने जान जोखिम में डालकर उन्हें कबाड़ के ढेर से बाहर निकाला। प्रतापनगर थाना प्रभारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एक कार में यमुनानगर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने तुरंत दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही एक युवक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलसा हुआ है और फिलहाल पीजीआई चंडीगढ़ में मौत से जंग लड़ रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

जांच के घेरे में कबाड़ी दुकान
हादसे की सूचना मिलते ही सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कबाड़ में किस तरह का ज्वलनशील सामान रखा गया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह हादसा सुरक्षा नियमों की अनदेखी का नतीजा तो नहीं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कबाड़ में पड़े कैपेसिटर या गैस से जुड़े उपकरणों में आग लगने से यह विस्फोट हुआ।