चंडीगढ़। हरियाणा में उत्कृष्ट जन सेवा, प्रशासनिक नवाचार और प्रौद्योगिकी आधारित सुधारों के लिए चार विभागों राजस्व, सेवा, सभी के लिए आवास और हारट्रोन को फ्लैगशिप अवार्ड के लिए चुना गया है। सुशासन दिवस पर बृहस्पतिवार को पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विभिन्न विभागों की विजेता टीमों को ’हरियाणा सुशासन पुरस्कार’ से सम्मानित करेंगे।
चार फ्लैगशिप अवार्ड्स उन परियोजनाओं को प्रदान किए जाएंगे, जिनसे शासन प्रणाली में व्यापक और प्रभावी बदलाव आया है। राजस्व विभाग को स्मार्ट, सहज और पेपरलेस-‘दि फ्यूचर आफ डीड रजिस्ट्रेशन’ पहल के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इस पहल के लिए महाप्रबंधक (आइटी) संदीप सिंह, राज्य मुख्य स्टांप अधिकारी शिशन सिंह तथा सीनियर साफ्टवेयर डेवलपर्स नितेश कुमार और रवि प्रकाश सिंह पुरस्कार प्राप्त करेंगे। सेवा विभाग को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के लिए सम्मानित किया जाएगा।
विभाग की ओर से यह पुरस्कार कंसल्टेंट श्रुति शर्मा द्वारा ग्रहण किया जाएगा। हाउसिंग फार आल विभाग को ‘लाइसेंस प्राप्त कालोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए प्लाट एवं फ्लैट आवंटन की नीति’ के लिए सम्मानित किया जाएगा।
यह पहल समावेशी और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना की टीम में अतिरिक्त निदेशक रुचि सिंह बेदी, सहायक नगर योजनाकार अमन गोदारा, शहरी आर्थिक विशेषज्ञ महेंद्र सिंह तथा राज्य वित्त विशेषज्ञ हरप्रीत सिंह शामिल हैं।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अधीन हारट्रोन को ‘भविष्योन्मुखी तकनीकों के माध्यम से कौशल विकास का रूपांतरण’ परियोजना के लिए सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार पाने वाली टीम में समन्वयक मुकेश कुमार, कंसल्टेंट पुलिन सिंह, प्रोग्रामर प्रेरणा सुनेजा तथा डाटा एंट्री आपरेटर कपिल कुमार शामिल हैं।
वहीं, अभिनव परियोजनाओं के लिए पांच राज्य स्तरीय पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनसे शासन दक्षता और जनकल्याण में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मौलिक शिक्षा विभाग की ‘पढ़े रोहतक, लिखे रोहतक’ पहल को सम्मानित किया जाएगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह तथा जिला एफएलएन समन्वयक रुपांशी हुड्डा, डीईओ रोहतक मंजीत सिंह तथा डीआइईटी मदीना के प्रिंसीपल वीरेन्द्र कुमार मलिक पुरस्कार ग्रहण करेंगे। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की पहल ‘कुशल बिजनेस चैलेंज’ को भी राज्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पुस्कार संयुक्त राज्य परियोजना निदेशक डॉ. मयंक वर्मा, सहायक परियोजना समन्वयक अनु शर्मा, एसोसिएट कंसल्टेंट देवेश गुप्ता और समन्वयक अमरीश शर्मा की टीम ग्रहण करेगी।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अधीन हारट्रान को ‘समस्या से समाधान तक-हरियाणा में ई-वेस्ट गवर्नेंस का ब्लूप्रिंट’ परियोजना के लिए राज्य पुरस्कार मिलेगा। इस पहल के लिए सूचना, जन संपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया, एजीएम कपिल देव, हार्डवेयर असिस्टेंट सुरेंद्र और डीईओ मीनाक्षी को सम्मानित किया जाएगा।
राजस्व विभाग की ’हर घर छत’ आवासीय पहल के लिए अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, एसडीओ (पीआर) राजेश कुमार शर्मा और एएसडीओ (पीआर) नरेश कुमार रोहिल्ला की टीम को राज्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
’ई-कुबेर भुगतान प्रणाली’ के सफल क्रियान्वयन के लिए चयनित खजाना एवं लेखा विभाग की टीम में संयुक्त निदेशक मिथिलेश कुमार गुप्ता, अनुभाग अधिकारी लखविंदर सिंह, सहायक खजाना अधिकारी अश्वनी कुमार और डीईओ पिंकी शर्मा शामिल होंगे।
सुशासन दिवस पर सभी जिलों में भी कार्यक्रम किए जाएंगे, जिनमें जिला स्तर के पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रियों से लेकर सांसदों और विधायकों तक की ड्यूटी लगाई गई है।