रोहतक. हरियाणा के रोहतक में टीम इंडिया के बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. सरकार ने जिला खेल अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है. लेकिन कांग्रेस पार्टी इसे हत्या करार दे रही है. क्योंकि जर्जर 750 किलो को पोल सीधे हार्दिक राठी की छाती पर गिरा और उसकी मौत हो गई. वहीं, हार्दिक के पिता का बयान भी सामने आया है और दर्द छलका है.
17 साल के हार्दिक के पिता संदीप राठी ने अपने बेटे की मौत पर कहा कि मेरा सपना था कि मेरा बेटा भारतीय टीम के लिए खेले और हमारा नाम रोश करे. वह 2026 में भारतीय टीम की ओर से खेलने के लिए तैयारी कर रहा था. संदीप ने बताया कि उनके दो बेटे हैं और दोनों बास्केटबॉल खेलते हैं. वह एक रिंग लाए थे.
सदींप कहते हैं कि हार्दिक जब छोटा था तो वह एक रिंग लाए थे और फिर धीरे धीरे दोनों बेटे बास्केटबॉल खेलने लगे.उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए प्रशासन जिम्मेदार है. उन्होंने इस और ध्यान नहीं दिया. सीएम को खुद ऐसे मामलों को देखना चाहिए, ताकि हम ऐसे प्रतिभाशाली ना खोएं और उन्होंने सीएम से अपील की है कि इस मामले में सख्त एक्शन लिया जाए.
पिता संदीप ने कहा कि मेरे बेटे के बड़े सपने थे और उसने वादा किया था कि वह हमें एक अच्छी और लग्जरी जिंदगी देगा. वह अपने खेल के लिए काफी समर्पित था और अकेले ही प्रेक्टिस करता था. लेकिन अब सारे सपने टूट गए हैं. हमारा बेटा चला गया है, लेकिन उम्मीद है कि किसी के बेटे के साथ ऐसा नहीं होगा.
कहां पर हुई बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत
गौरतलब है कि रोहतक के लाखन माजरा गांव की जमीन पर गांव के युवा स्पोट्स क्लब ने बास्केट बॉल ग्राउंड बनाया है. खिलाड़ियों ने ही यहां पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हैं और काफी समय से खिलाड़ी यहां पर अभ्यास करते रहे हैं. सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी इस ग्राउंड के लिए सांसद निधि से 11 लाख रुपये दिए थे, लेकिन 4 साल से इसके मैंटेनेंस का काम नहीं हुआ. यहां तक कि डीपीआर भी बनाई गई थी, लेकिन टैंडर ही नहीं फ्लोट किए गए.
कैसे हुई हार्दिक की मौत
गौरतलब है कि हार्दिक राठी ग्राउंड में प्रैक्टिस कर रहे थे. इस दौरान वह जब वार्म हो रहे थे तो उन्होंने गोलपोस्ट पर छलांग लगाई और लटक गए. पहली बार तो पोल नहीं गिरा, लेकिन दूसरी बार पोल सीधा उनकी छाती पर गिरा, जिसका वजन करीब 750 किलो था. पोल गिरने के बाद हार्दिक उठ नहीं पाया और फिर उसकी मौत हो गई. घटना सीसीटीवी भी में कैद हुई है. इस मामले में सीएम नायब सैनी ने कहा कि खिलाड़ी की मौत पर उन्हें काफी दुख है.